आजमगढ़: जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व निरीक्षक से भिड़ी महिला, वीडियो वायरल; फील्ड बुक गलत तैयार करने का आरोप
जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व निरीक्षक और एक महिला के बीच विवाद हो गया। महिला ने फील्ड बुक गलत तैयार करने का आरोप लगाकर विरोध किया। राजस्व निरीक्षक ने सरकारी कार्य में बाधा और अभद्रता की शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया।
विस्तार
आजमगढ़ के बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के पासीपुर कंगालीपुर में जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व निरीक्षक और एक महिला के बीच विवाद हो गया। इस दौरान महिला और राजस्व निरीक्षक के बीच हुई कहासुनी और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में उपजिलाधिकारी के निर्देश पर अतरौलिया थाने की पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजस्व निरीक्षक केके सिंह जमीन की पैमाइश करने के लिए पासीपुर कंगालीपुर पहुंचे थे। इसी दौरान महिला ने राजस्व निरीक्षक पर गलत तरीके से फील्ड बुक तैयार करने का आरोप लगाया। महिला का कहना था कि जमीन की पैमाइश में पक्षपात किया जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर महिला ने विरोध जताया और राजस्व निरीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
कार्रवाई के निर्देश
उधर, राजस्व निरीक्षक केके सिंह ने आरोप लगाया कि महिला और उसकी बेटी ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने थानाध्यक्ष अतरौलिया को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अतरौलिया थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस उनसे विवाद के कारणों और मौके पर हुए घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी प्राप्त करने के बाद ही वह इस संबंध में कुछ बता सकेंगे। समाचार लिखे जाने तक विवाद के वास्तविक कारण और पुलिस की विस्तृत कार्रवाई स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
