आजमगढ़। जनपद के वंचित समाज की 450 बस्तियां जहं वनवासी, मुसहर और बांसफोर वर्ग के लोग निवास करते हैं, वहां बुधवार को डीएम एनपी सिंहके निर्देश पर ‘लोक उपासना पर्व’ का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को चिह्नित कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया।
जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह सदर तहसील के ग्राम सभा जिगरसण्डी में लोक उपासना पर्व में पहुंचे। ग्रामीणों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोक उपासना पर्व की अवधारणा यह है कि समाज में ऐसे व्यक्ति जो कमजोर हैं और विकास के अन्तिम पायदान पर खड़े हैं, उनको सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना ही सबसे बड़ी उपासना है। ताकि बच्चे आगे चलकर समाज की मुख्य धारा से जुड़े और एक सशक्त नागरिक बन सकें। जिगरसण्डी में वृद्धा पेंशन के छह, विधवा पेंशन के एक, दिव्यांग पेंशन के एक, राशन कार्ड के चार, मनरेगा जॉब कार्ड 25 और तीन स्वयं सहायता समूहों का गठन, एक सैम बच्चे का चिन्हिकरण व तीन कुपोषित बच्चों का चिन्हिकरण किया गया। डीएम ने बताया कि कुल 450 बस्तियों में लोगों से आवास, पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, छात्रवृत्ति, गोल्डेन कार्ड, राशन कार्ड सहित सभी प्रमुख योजनाओं का फार्म भरवाया गया है। वनवासी लोगों के 2145 आवास तैयार हो गए हैं। 750 आवासों के लिए दूसरी सूची शासन को भेजी गई है। पैसा मिलते ही कार्य प्रारम्भ हो जाएगा। जिनके पास आवास के लिए जमीन नही थी, उन्हें पट्टे दिये गये हैं। इस दौरान योजनाओं की एक किताब प्रदान की गई। अभियान में 900 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। इस मौके पर एसडीएम सदर रावेन्द्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. वाईके राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार यादव, डीएसओ देवमणि मिश्र, खण्ड विकास अधिकारी जहानागंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ब्लाक मिर्जापुर के पंचायत दमदीयावन में एडीओ पंचायत फणीन्द्र पाठक ने कैंप लगाया।