सरायमीर। महाजनी टोला स्थित चौक पर श्री गणपति उत्सव पूजा समिति की ओर से चल रहे 11 दिवसीय गणपति पूजन में श्रद्धा और भक्ति का रंग लगातार गहराता जा रहा है। सोमवार रात भगवान गणेश का भव्य महासृंगार किया गया। फूलों और आकर्षक श्रृंगार से सजे गणपति बप्पा के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूजा स्थल पर गूंजते ‘ गणपति बप्पा मोरया ’ के जयकारों से पूरा महाजनी टोला भक्तिमय हो गया।
महासृंगार के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती हुई। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बप्पा के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। बुधवार को गणपति उत्सव के अंतिम दिन पूजा स्थल पर 251 दीपों से भव्य महाआरती की जाएगी। दीपों की रोशनी से महाजनी टोला जगमगाएगा और भक्तिमय वातावरण में गणपति बप्पा की आराधना होगी। इसके बाद 24 को गणपति विसर्जन के साथ 11 दिवसीय उत्सव का समापन होगा। इस दौरान महाजनी टोला से भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मवेशी खाना होते हुए मुख्य चौक पहुंचेगी। समिति के हनुमंत कदम, अशोक सेठ, शिवाकांत, अनिल, विजय, प्रशांत, दीपक, विनोद और मुन्ना आदि ने श्रद्धालुओं से महाआरती और विसर्जन शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने की अपील की।