आजमगढ़। निजामाबाद क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों की मांग को लेकर सोमवार को शेरपुर तिराहा स्थित अंबेडकर पार्क में अरुण कुमार मिश्रा उफ लालू मिश्रा के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ। इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों को लेकर लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान लगातार आकर्षित किया जा रहा है। इस दौरान लोगों ने निजामाबाद-भद्दुली और रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण एवं मरम्मत, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति और बाजार क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग लोगों ने की। अरुण कुमार मिश्रा उर्फ लालू मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। जब तक संबंधित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर निजामाबाद से भदुली पुल तक पक्की सड़क निर्माण तथा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।