अहरौला। अहरौला-कप्तानगंज मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी लक्ष्मी चौबे के नेतृत्व में ग्रामीण रविवार को फिर से भूख हड़ताल पर बैठ गए। दो महीने में मार्ग के लिए ये दूसरी बार भूख हड़ताल शुरू की गई है। इससे पहले हुई भूख हड़ताल को पीडब्ल्यूडी ने एक-दो दिन में काम शुरू करने का आश्वासन देकर तुड़वा दिया था लेकिन काम शुरू नहीं किया गया। इस बार हड़तालियों ने काम शुरू होने तक भूख हड़ताल जारी रखने का एलान किया है। शाम चार बजे तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
छह अगस्त को भी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी के नेतृत्व में दर्जनों लोग भूख हड़ताल पर बैठे थे। पीडब्ल्यूडी विभाग के एई एके सिंह, एसडीएम बूढ़नपुर दिनेश मिश्रा ने दूसरे दिन ही काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था और अनशन खत्म करा दिया था। दो महीने गुजरने के बाद भी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। एक सप्ताह पहले लोगों ने फिर भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी। काम शुरू न होने पर रविवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी गई। दोपहर में थाना प्रभारी ब्रह्मदीन पांडेय पहुंचे। हड़तालियों ने काम शुरू होने तक हड़ताल खत्म करने से इंकार कर दिया। इस मौके पर लक्ष्मी चौबे, राधेश्याम निषाद, अजय सिंह, सुनील सैनी, अजय सिंह, शिव कुमार यादव, संजय यादव, बेचई यादव, डब्लू चौबे, सत्यम उपाध्याय, तिलकधारी, हौसला, डब्लू प्रजापति, शिवदास, राजेश गुप्ता आदि रहे।