आजमगढ़ में खौफनाक वारदात: सोते समय गला रेतकर नानी और नातिन की हत्या, दोहरे हत्याकांड से सहमा इलाका
आजमगढ़ जिले के गुवाई गांव में नानी और 12 वर्षीय नातिन की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। घर में सिर्फ वह दोनों लोग थे। घटना से पूरा इलाका सन्न है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ के गुवांई गांव में बंद घर में नानी और नातिन का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी व पुलिस अधीक्षक डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने बड़ी बारीकी से जांच की। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से नानी और नातिन की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
जानकारी मुताबिक दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुवांई गांव में एक घर में 55 वर्षीय लीलावती गुप्ता पत्नी उमाशंकर गुप्ता व अहरौला गांव निवासी उनकी 12 वर्षीय नातिन आंचल गुप्ता रहती थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार देर शाम उन्हें घर के बाहर देखा गया था।
घर का दरवाजा अंदर से था बंद
खाना खाने के बाद वह सोने के लिए घर में चले गए। सुबह पड़ोस की एक महिला कुछ सामान लेने के लिए लीलावती के घर गई तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। महिला को शक हुआ तो उसने पूर्व प्रधान महेंद्र मौर्या को बुलाया और ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे।
घर में नानी और नातिन का लहूलुहान शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई। डबल हत्या की सूचना मिलते ही डीआईजी अखिलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे।
वहीं डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर लगातार मामले की छानबीन कर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। अभी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोहरे हत्याकांड लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
एसपी बोले- परिचित ने दिया वारदात को अंजाम, दोषी को नहीं बख्शेंगे हम
आजमगढ़ एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि गुवांई गांव में एक मकान में नानी और नातिन का शव बरामद हुआ है। दोनों की हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया जांच में मालूम पड़ रहा कि कोई परिचित व्यक्ति ही घर में था। जिसने इस वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना को अंजाम रात 12 बजे के बाद एवं सुबह चार बजे के पहले दिया गया है। हम घटना की छानबीन करा रहे हैं। दोषियों को हम नहीं बख्शेंगे।