आजमगढ़। सावन मास के दूसरे सोमवार को भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए शिवालयों पर उमड़े रहे। छोटे से लेकर प्रसिद्ध शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गूंजते रहे। तड़के से ही बाबा शिवदानी का दर्शन पाने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी थीं। नगर के भंवरनाथ स्थित शिवमंदिर में भोर से ही भक्त फूल और बेलपत्र लेकर घर से निकल पड़े थे। शिवभक्तों ने बाबा भैरव नाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भोर से शुरु दर्शन-पूजन का क्रम देर शाम तक जारी रहा। रैदोपुर, रेलवे स्टेशन स्थित बऊरहवां बाबा, शंकर जी मूर्ति तिराहा आदि स्थानों पर पूजन-अर्चन का माहौल रहा। व्रती महिलाओं ने भी बाबा भोले का दर्शन कर अपने को धन्य किया। मेहनगर : कस्बे के गौरा गांव स्थित पातालपुरी महामंडलेश्वर धाम पर सुबह से ही भक्त पूजन-अर्चन करते रहे। वहीं क्षेत्र में लगे मेले में गौरा गांव के राजेश सिंह, विवेक, ओमकार, सत्य प्रकाश सिंह ने श्रद्धालुओं में पूड़ी कचौड़ी का प्रसाद वितरित किया। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों पर फोर्स की तैनाती रही। उधर, रानी की सराय स्थित अवंतिकापुरी धाम पर भी दर्शन-पूजन को भक्त सुबह से ही जुटे रहे। भक्तों ने मंदिर परिसर स्थित सरोवर में स्नान के बाद पूजन किया। महाराजगंज के भैरव धाम पर भी भीड़ रही। हर कोई बाबा के दर्शन को आतुर था। इसके अलावा दुर्वासा, दत्तात्रेय धाम, चक्रपानपुर के अनेई गांव स्थित पातालपुरी धाम, फूलपुर के मुंडियार स्थित मुंडेश्वरनाथ मंदिर, सगड़ी तहसील के मोहम्मदपुर स्थित में प्राचीन शिव मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन-पूजन किया।