आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र में मंगलवार को आपदा से बचाव के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों (सेल्फ हेल्प ग्रुप्स वोमेन) का मंडल स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसका शुभारंभ मंडलायुक्त मनीष चौहान व डीएम विशाल भारद्वाज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि भूकंप एक प्राकृतिक घटना है। जिसमें पृथ्वी के अंदर से ऊर्जा निकलने के कारण तरंगें उत्पन्न होती हैं, जो सभी दिशाओं में फैलकर पृथ्वी को कंपित करती हैं। इससे जान-माल की क्षति, आधारभूत संरचनाओं जैसे पुल, रेल की पटरियां, भवन आदि की क्षति होती है। उन्होंने बताया कि भूकंप के दौरान शांत रहें, लंबी और भारी वस्तुओं से दूर रहें, खुले मैदान में जाएं। यदि घर के अंदर हैं, तो काॅलम पिलर के समीप खडे़ हो जाएं। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों की मदद करें। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपदा के दौरान बच्चे, वृद्ध व अस्वस्थ व्यक्ति, महिलाएं सर्वाधिक संवेदनशील समझी जाती हैं। महिलाओं को आपदा प्रबंध से संबंधित प्रशिक्षण देकर समाज के सर्वाधिक संवेदनशील समूह को जागरूक व सुरक्षित बनाया जा सकता है। अंत में महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एडीएम वित्त आजाद भगत सिंह, डॉ. मजहर रसीदी, अंकिता पदलानी, आपदा विशेषज्ञ डॉ. चंदन कुमार आदि ने आपदा से बचाव की जानकारी दी।