यूपी: लापरवाही पर इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित, आरोपी का सत्यापन नहीं किया; सूचना अपलोड भी नहीं की
जिले में पुलिस की लापरवाही के मामले में इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। जमानत पर छूटे आरोपी का सत्यापन नहीं कराने और यक्ष ऐप पर संबंधित सूचना अपलोड नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों की जांच में लापरवाही सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। मामले में विभागीय स्तर पर भी जांच जारी है।
विस्तार
पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर एसपी डॉ. अनिल कुमार ने रानी की सराय थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। निलंबित पुलिसकर्मियों में रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी और निजामाबाद थाने में तैनात आरक्षी वैभव पटेल शामिल हैं।
एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि निजामाबाद थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 06/2026, धारा 123 व 351(2) बीएनएस से संबंधित मामले में शिकायत के निस्तारण और आरोपी के संबंध में अपेक्षित कार्रवाई व सत्यापन में लापरवाही सामने आई। आरोपी के जमानत पर रिहा होने के बाद उसका आवश्यक सत्यापन कर संबंधित सूचना यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना था, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई नहीं की गई।
बताया कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को धमकी दी। साथ ही फर्जी आईडी बनाकर फोटो और वीडियो वायरल किए जाने की शिकायत भी सामने आई। मामले की समीक्षा के दौरान आरोपी के संबंध में समय से सत्यापन और आवश्यक सूचना दर्ज नहीं किए जाने की बात सामने आई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी की भूमिका की समीक्षा में प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अकर्मण्यता पाए जाने पर एसएसपी ने चारों को निलंबित कर दिया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि अभियुक्तों के सत्यापन, जमानत के बाद निगरानी और संबंधित अभिलेख या ऐप पर आवश्यक सूचना समय से दर्ज करने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता या अकर्मण्यता मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।