देवगांव। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लालगंज में छात्र संसद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह मां सिद्धेश्वरी मंदिर सिधौना में हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह तिलखरा ने छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विद्यालय में छात्र संसद का चुनाव 16 जुलाई को मतदान से हुआ था। बालिका वर्ग से पावनी राय प्रधानमंत्री और अंशिका सिंह उप प्रधानमंत्री, जबकि बालक वर्ग से सौरभ पांडेय प्रधानमंत्री एवं प्रांजल राय उप प्रधानमंत्री चुने गए। पलक राय और अनंत राय न्यायाधीश तथा जाह्नवी राय एवं अर्पित राय अनुशासन प्रमुख निर्वाचित हुए। इसके अलावा करीब 150 छात्र-छात्राओं को छात्र संसद का सदस्य चुना गया। इस दौरान आरएसएस नगर प्रचारक सक्षम, मंदिर के पुजारी राजा मौर्य, शेषमणि मिश्र, आनंद सिंह, अखिलेश मिश्र, अंजू मौर्य, रमाकांत दीक्षित आदि रहे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य भानु प्रताप त्रिपाठी ने किया।