आजमगढ़। मोहब्बतपुर में विश्वविद्यालय निर्माण में विभागीय हीलाहवाली के खिलाफ विश्वविद्यालय अभियान ने सोमवार को लोनिवि कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। अधिशाषी अभियंता की अनुपस्थिति में उनके स्टेनों को मोहब्बतपुर में जल्द विश्वविद्यालय का शिलान्यास की तैयारी पूरी करने के लिए ज्ञापन सौंपा।
अभियान के सहसंयोजक राकेश गांधी ने कहा कि मोहब्बतपुर में लो-लैंड नहीं है। लोक निर्माण विभाग मिट्टी पाटने के नाम पर 60 करोड़ की लूटपाट करना चाहता है। किसी भी कीमत पर मोहब्बतपुर से विश्वविद्यालय नहीं जाने देंगे। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. प्रवेश सिंह ने कहा कि अभी तक लोक निर्माण विभाग विश्वविद्यालय का डीपीआर नहीं स्वीकृत करा पाया है। डेढ़ वर्ष बीत गए लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय का शिलान्यास नहीं हुआ। दौलतपुर गांव के निवर्तमान प्रधान रणविजय सिंह ने बताया कि पिछले 70 साल से प्रस्तावित जमीन पर कभी पानी नहीं चढ़ा। लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी लो-लैंड के नाम पर शासन को गुमराह कर मिट्टी पाटने के नाम पर 60 करोड़ रुपये ऐंठना चाहते हैं। डीएन सिंह ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से कई बार शासन के सचिव और अधिकारियों की टीम निरीक्षण करने आई, उन्होंने जमीन को विश्वविद्यालय के लिए उपयुक्त बताया। इसी आधार पर जमीन क्रय करने का आदेश जिला प्रशासन को दिया गया। दीनानाथ सिंह, शमशाद अहमद, सत्यजीत श्रीवास्तव, सुजीत सिंह, शैलेन्द्र कुमार, मार्तण्ड प्रताप सिंह, आलोक कुमार सिंह उपस्थित रहे।