आजमगढ़। हाथरस घटना की सीबीआई जांच न्यायालय की निगरानी में और डीएम हाथरस को बर्खास्त करने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने रविवार को शहर में जुलूस निकाला। जुलूस निकलने की सूचना पर भारी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने जुलूस को शहीद द्वार पर ही रोक दिया। इस पर कांग्रेसियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। लगभग आधा घंटा खींचा तानी हुई। इसके बाद कांग्रेसी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
हाथरस में हुई घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार आंदोलन कर रही है। डीएम हाथरस की बर्खास्तगी के साथ ही प्रकरण की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला। इसे देखते हुए काफी संख्या में पुलिस कर्मी रविवार को सुबह से ही कांग्रेस पार्टी कार्यालय पर तैनात थे। पुलिस की प्लानिंग कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर न निकलने देने की थी। इसके बाद भी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की घेराबंदी को तोड़ कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ चले। पुलिस से धक्कामुक्की और हाथापाई के बीच काफी संख्या में कार्यकर्ता कुंवर सिंह उद्यान गेट के पास पहुंच गए। इसके बाद वे वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। लगभग एक घंटे तक कांग्रेसियों व पुलिस के बीच झड़प हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शासन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वापस लौट गए। इस अवसर पर बेलाल अहमद, तेज बहादुर यादव, पूर्णमासी प्रजापति, ओंकार पांडेय, मुन्नू मौर्य, अजीज इमाम, रविशंकर, अंशुमाली राय, सीमा भारती, इम्तियाज, मंजीत, महीशचंद्र, प्रिंस, मो. आमिर, विपिन पाठक, ऋतुराज, अखिलेश, वीरेंद्र, इंद्रेश आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को खदेड़ती पुलिस।- फोटो : AZAMGARH

कलेक्ट् रेट पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को खदेड़ती पुलिस।- फोटो : AZAMGARH