आजमगढ़। गन्ना किसानों के मोबाइल पर एमएसएस की घंटी बजी तो उनकी जुबां से यही बोल फूटी, आ गया... आ गया... बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान आ गया...। असल में 17664 किसानों के पसीने की कमाई करीब 8284.75 लाख रुपये चीनी मिल में फंसी थी। जिसे मिल ने संज्ञान में लेते हुए 1712 किसानों का गन्ना मूल्य 387.88 लाख रुपये का भुगतान किया। किसानों के बैंक खाते में रकम पहुंचते ही एक साथ किसानों की मोबाइल नंबर पर खुशियों की घंटी बज गई। जिससे किसानों ने काफी राहत की सांस ली।
पिछले सत्र वर्ष 2021-22 में 17664 गन्ना किसानों से खरीद किए गए 24.31 लाख क्विटल गन्ना के सापेक्ष कुल मूल्य 8284.75 लाख रुपये का भुगतान करना था। जिसके सापेक्ष 3823.34 लाख का भुगतान किया जा चुका है। 4461.41 लाख रुपये बकाया था। मिल द्वारा बुधवार को 1712 गन्ना किसानों का 387.88 लाख रुपये भुगतान किया गया। अब तक कुल 14136 गन्ना किसानों का 4211.22 लाख रुपये भुगतान किया गया। वहीं 3528 गन्ना किसानों का 4073.53 लाख रुपये अवशेष बचे हैं। जिला गन्ना अधिकारी अशफी लाल ने बताया कि 1712 गन्ना किसानों का बकाया गन्ना मूल्य 387.88 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। अभी 3528 गन्ना किसानों को 4073.53 लाख रुपये का भुगतान किया जाना है। इसके लिए शासन से सहायता धनराशि की मांग की गई है। शासन से बजट मिलते ही बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया जाएगा।