कटानी बाजार। महाराजगंज विकासखंड के नवबरार देवारा जदीद किता प्रथम बलई साधु के अखाड़े में रविवार को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के अलावा मऊ, गोरखपुर के पहलवानों ने भाग लिया। बलई साधु के अखाड़े में आयोजित कुश्ती दंगल में दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने हिस्सा लिया । कुश्ती दंगल के जिला अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने फीता काटकर और पहलवानों के हाथ मिलाकर कुश्ती दंगल की शुरूआत की। प्रतियोगिता में सर्वप्रथम हुए मैच में देवपुर के राकेश ने अराजी देवारा के करन को, देवपार के अजय ने आराजी देवारा के अजय देव को पटखनी दी। इसी क्रम में मठिया के मोनू ने शंकरपुर के अभिषेक को पटका। इसी क्रम में पहलवान अंशुमान, सुजीत, अरविंद, योगेंद्र यादव ने अपने विपक्षी पहलवानों को मात दिया। गोरखपुर के कमलेश और कदमघाट के मुकेश, रामपुर के साहित और मठिया के अजय, बेलउर के रामप्रवेश और उलटहवा के राम विनय के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटी। रेफरी के रूप में रामशब्द यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जीत बहादुर यादव, डा. हरी राम सिंह यादव, जोगिंदर यादव, नानजी यादव, परमहंस यादव, बलाई साधु, उदय राज यादव, चंद्रभान प्रधान आदि मौजूद रहे। बलई साधु ने सभी का आभार प्रकट किया।