आजमगढ़। हाथरस में हुए दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की मौत में मंगलवार को भीम आर्मी की ओर से रेलवे स्टेशन पर विरोध-प्रदर्शन करने की घोषणा की गई थी। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन पहले ही सतर्क हो गया था। एसडीएम सदर के नेतृत्व में पूरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। स्टेशन को चारों तरफ से सुरक्षा घेरे में रखा गया था। मुख्य गेट से लेकर सभी प्रवेश व निकास वाले स्थानों पर पुलिस तैनात थी। यहां तक कि प्लेटफार्मों के दोनों छोर व रेलवे क्रासिंग पर भी पुलिस के साथ ही जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई थी। मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी मुताबिक भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं द्वारा हाथरस में हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। इसी को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में रही। शाम करीब पांच बजे से ही पुलिस के गाड़ियों के हूटर बजने लगे। देखते ही देखते पूरा स्टेशन क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार, सीओ सिटी डा. राजेश तिवारी, सिधारी थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा, अपराध निरीक्षक सिधारी अंशुमान यदुवंशी, शहर कोतवाल कृष्ण कुमार, रानी की सराय थाना प्रभारी निरीक्षक रामायन सिंह, महिला थाना प्रभारी खुशबू त्रिपाठी, मूसेपुर चौकी इंचार्ज वशंबहादुर सिंह, दिग्विजयनाथ तिवारी व दारोगा जाफर खान सहित महिला व पुरुष पुलिस को लेकर साथ पहुंचे। चारों ओर खाकी ही खाकी नजर आ रही थी। वहीं पुलिस बल के साथ पुलिस बल पहुंचने की सूचना भीम आर्मी के पदाधिकारियों को भी हो गई और वह प्रदर्शन करने के लिए रेलवे स्टेशन नहीं पहुंचे। देर शाम तक पुलिस बल रेलवे स्टेशन पर तैनात रही। हालांकि प्रदर्शन नहीं हुआ। एसडीएम सदर ने बताया कि मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।