आजमगढ़: 19 घंटे बाद अंतिम संस्कार को राजी हुए परिजन, पूरी रात मनाती रही पुलिस; एसपी ट्रैफिक के आश्वासन पर माने
आजमगढ़ में एक युवक की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं शव के अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। रातभर पुलिस उन्हें मनाने में जुटी रही। 19 घंटे बाद परिजन एसपी यातायात के आश्वासन पर शव के अंतिम संस्कार को तैयार हुए।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव में युवक की मौत के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया था। सूचना मिलते ही तीन थानों की फोर्स के साथ ही सीओ लालगंज और सीओ फूलपुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। सोमवार को एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और 19 घंटे बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए राजी किया।
क्या है पूरा मामला
पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव निवासी रुदरी बिंद के बेटे रविंद्र की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पिता रुदल बिंद ने थानाध्यक्ष पवई को प्रार्थना पत्र देकर हरिमोहन नाम के व्यक्ति के खिलाफ जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली थी।
वहीं रविवार को पोस्टमार्टम के बाद रविंद्र का शव घर पहुंचते ही परिजन एक और व्यक्ति विकास यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार न करने पर अड़ गए। सूचना मिलते ही पवई थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाने में जुट गए। वहीं पवई थाने के साथ ही अहरौला थाना और फूलपुर कोतवाली की पुलिस के साथ सीओ फूलपुर भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ फूलपुर भूपेश पांडेय और सीओ लालगंज आस्था जायसवाल भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। परिजनों की यह भी मांग थी कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख की आर्थिक सहायत, मृतक की पत्नी को नौकरी, सुरक्षा के लिए पिस्टल का लाइसेंस और परिवार को जमीन का पट्टा दिया जाए। रात मान-मनौव्वल का क्रम चलता रहा लेकिन परिजन अंतिम संस्कार को तैयार नहीं हुए।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी: जिन सीढ़ियों पर कबीरवाणी को मिले राम और तुलसी को विनयपत्रिका, वहीं जला देव दीपावली का पहला दीया
सोमवार की सुबह एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझाया-बुझाया और आश्वासन दिया कि उनकी जो भी विधि सम्मत मांगें है उन पर विचार किया जाएगा। तब जाकर दोपहर लगभग 12.30 बजे परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए और उन्होंने अपने खेत में ही उसके शव को दफन कर दिया। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
