आजमगढ़। जनपद में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए बेड़, आक्सीजन और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए सांसदों और विधायकों ने अपनी निधि से रकम देनी शुरू कर दी है। सांसद अखिलेश यादव ने तरवां और डॉ. संग्राम यादव ने अतरौलिया अस्पताल को 25 लाख रुपये दिए थे। अब सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, लालगंज के विधायक आजाद अरिमर्दन और विधायक नफीस अहमद ने 25-25 लाख रुपये देने का प्रस्ताव किया है।
बसपा के लालगंज विधायक आजाद अरिमर्दन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज, प्राथमिक स्वास्थ्य केद्र ठेकमा, पल्हना और महिला स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में औषधि और उपकरणों की व्यवस्था के लिए अपनी निधि से 25 लाख रुपये देने का प्रस्ताव भेजा है। सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने अपनी निधि से जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के लिए 25 लाख रुपये देने का पत्र डीएम को भेज भेजा है। उन्होंने इससे कोरोना के इलाज के लिए जरूरी उपकरणों, ऑक्सीजन और दवाओं की व्यवस्था करने को कहा है। देवारा क्षेत्र के साथ ही अन्य लोगों को भी महामारी के इस दौर में आक्सीजन व अन्य सुविधाएं दिलाने के लिए विधायक नफीस अहमद ने अपने निधि से 25 लाख रुपये की मदद दी है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी को पत्रक भेजकर निधि से 25 लाख रूपये शीघ्र अवमुक्त करने की बात कही है।