गोरिया बाजार (आजमगढ़)। मोबाइल से तेज आवाज में गाना बजाने और छींटाकशी को लेकर दो समुदाय के लोग आमने सामने हो गए। महराजगंज थाने के जमीलपुर गांव में सोमवार को दो चरणों में हुई पत्थरबाजी ने गांव की आबोहवा में तनाव पैदा कर दिया। सीओ सगड़ी के साथ मौके पर पहुंची पांच थानों की फोर्स ने स्थिति को संभाला। घटना में 13 लोग घायल हुए हैं। गांव में पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के भेजने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बलवा करने के आरोप में पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।
गांव में अब्दुल रहीम पुत्र वली मोहम्मद के भतीजे का शनिवार को निकाह हुआ था। शादी में शामिल होने के लिए नाते-रिश्तेदारों के यहां से लड़कियां भी आई थीं। सोमवार को दोपहर में अब्दुल रहीम को छोड़ परिवार के पुरुष सदस्य बाजार गए थे। लड़कियां छत पर थीं। घर के पीछे दूसरे समुदाय के लड़के तेज आवाज में मोबाइल से गाना सुन रहे थे। यह बात अब्दुल रहीम को नागवार गुजरी। उसने लड़कों को मना किया। इसी बात पर लड़के उससे भिड़ गए। पहले दौर में दोनों के बीच कहासुनी होने के बाद पथराव शुरू हो गया। कुछ ही समय बाद दोनों पक्ष शांत हो गए। आधे घंटे बाद अब्दुल रहीम के परिवार के लोग घर लौटे और घटना के बाबत सुनकर दूसरे समुदाय के युवकों के घर पर पूछताछ करने पहुंच गए। इस पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। लगभग 15 मिनट तक हुई पत्थरबाजी में दोनों पक्षों से फूलबदन पुत्र बैरागी गोंड़, हरिकेश, दुर्गेश, चंद्रकेश, इंद्रकेश पुत्रगण फूलबदन गोंड़, सोनू पुत्र कैलाश गोंड़, कक्कू गुप्ता पुत्र कोमल गुप्ता, विजय बहादुर मौर्य पुत्र अयोध्या मौर्य, बुद्धू पुत्र जंगली, रामविजय पुत्र अंगनू लहूलुहान हो गए। दूसरे पक्ष से मोहम्मद निसार पुत्र नवी अहमद, अफसरा बानो पत्नी मोहम्मद शमीम, खुशबू निशा पत्नी मुस्तफा घायल हो गईं।
लगभग आधे घंटे बाद बिलरियागंज थानाध्यक्ष राजेश सिंह, कप्तानगंज थानाध्यक्ष फाजिल सिद्दीकी, अहरौला थानाध्यक्ष शैलेंद्र त्रिपाठी, जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह, महराजगंज थाने की पुलिस फोर्स के साथ सीओ सगड़ी महिमा प्रताप दल-बल के साथ गांव में पहुंच गए, जिससे स्थिति काबू में आई। इस दौरान पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजने के साथ ही दोनों पक्षों से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।