आजमगढ़। सावित्री बाई फूले राजकीय पालिटेक्निक परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 230 जोड़ों ने दांपत्य जीवन में कदम रखा। प्रशासनिक अधिकरी व नेता विवाह के साक्षी बने। सामूहिक विवाह में 229 जोडों की शादी हिंदू रीति- रिवाज व एक जोड़े की शादी मुस्लिम रीति- रिवाज से हुई। योजना के अनुसार नव विवाहित जोड़ों को सामान दिया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित प्रति जोड़े पर 51 हजार खर्च का प्रावधान है। जिसमें 35 हजार वधू के खाते में, 10 हजार रुपये का समान व छह हजार अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाता है। शादी के बाद उनके संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी द्वारा वधू के खाते में 26 नवंबर को 35 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेज दी जाएगी। उपस्थित सभी अतिथियों ने वर- वधू को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्रा, एसडीएम सदर ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, अखिलेश मिश्रा, सत्येंद्र राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह सहित आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शादी के बाद वर- वधू को उपहार भी दिए गए। जिला समाज कल्याण अधिकरी ने बताया कि प्रति जोड़े को उपहार स्वरूप साड़ी/शूट, दुपट्टा, भॉवर के लिए फेटा, चुनरी, पैंट का कपड़ा, चांदी की बिछिया, पायल, प्रेशर कूकर, थाली, गिलास, कटोरी, जग, कलश, बक्शा, शृंगार दानी, नोकिया मोबाइल, प्रेस दिया गया। सामूहिक विवाह के दौरान मेले जैसा नजारा था। वर-वधू के साथ उनके परिजन भी आए हुए थे। प्रशासन की तरफ से उनके लिए नाश्ता व खाने की व्यवस्था की गई थी। पंडाल के चारों तरफ पेयजल के लिए नपा का पानी टैंकर लगा था। सुरक्षा की दृष्टि से हर तरफ पुलिस के जवान तैनात दिखे।