आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना में गति लाने के प्रयास में सीडीओ डीएस उपाध्याय की ओर से प्रतिदिन पांच ब्लाकों के सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की जा रही है। शनिवार को हुई समीक्षा में हर ब्लाक से तीन खराब सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने और प्रदेश में अपनी अच्छी स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए सीडीओ डीएस उपाध्याय द्वारा प्रतिदिन पांच ब्लाकों के सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की जा रही है। शुक्रवार केे उन्होंने तहबरपुर, अहरौला, कोयलसा, महाराजगंज और अतरौलिया ब्लाकों की समीक्षा की थी। जिसमें उन्होंने लगभग दो दर्जन सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। वहीं शनिवार को उनके द्वारा हरैया, पल्हनी, मिर्जापुर, बिलरियागंज और अजमतगढ़ विकास खंड के सचिवों के साथ विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में अच्छा कार्य करने वाले तीन सचिवों को प्रशस्ति पत्र देने का उन्होंने निर्णय लिया। साथ ही हर ब्लाक में सबसे खराब कार्य करने वाले तीन-तीन सचिवों का चयन कर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। सीडीओ ने कहा कि अगर 25 मार्च तक इनके द्वारा संतोषजनक कार्य नहीं किया गया तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शेष बचे ब्लाकों की समीक्षा रविवार को विकास भवन में की जाएगी।