आजमगढ़। शहर से सटे कम्हेनपुर गांव में संपर्क मार्ग पर अंडरपास न बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शासन-प्रशासन से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव के संपर्क मार्ग पर अंडर पास न बनने से नाराज ग्रामीणों ने निर्माणाधीन एनएच-233 पर 15 जनवरी से क्रमिक धरना देने की चेतावनी दी है। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है। कम्हेनपुर के ग्रामीणों ने कहाकि गांव के पश्चिम तरफ तमसा नदी, उत्तर तरफ नाला, दक्षिण तरफ हाईवे का पुल और पूरब तरफ से गांव में आने वाले संपर्क मार्ग 815 पर एनएच-233 का निर्माण चल रहा है। ऐसी दशा में ग्रामीण चारों तरफ से घिर गए हैं। गांव से बाहर जाने व बरसात में बाढ़ की विभीषिका से बचने के लिए दूसरा कोई अन्य रास्ता नहीं है। गांव और प्राथमिक विद्यालय के बीच एनएच का निर्माण होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होगी। जो बच्चे चार सौ मीटर दूरी तय कर विद्यालय जाते थे। एनएच का निर्माण हो जाने के बाद बच्चों को प्राथमिक विद्यालय में आने-जाने के लिए लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। गांव के संपर्क मार्ग पर अंडरपास बनाने को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री, केन्द्रीय परिवहन मंत्री, पीडी एनएच एवं प्रधानमंत्री तक को शिकायती पत्र भेजा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नदी, आजिज होकर ग्रामीणों ने अब निर्माणाधीन नेशनल हाईवे का काम रोको एवं क्रमिक धरना करने का मन बना लिया है। 15 जनवरी से संपर्क मार्ग पर अंडरपास बनाने के लिए क्रमिक धरना देने की चेतावनी दी है।