आजमगढ़। बाहर से आए 130 लोगों को जिला प्रशासन ने विभिन्न जगहों पर बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है। सर्वाधिक 120 यात्रियों को 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया में क्वारंटीन कराया गया। वहीं 10 अन्य फार्मेसी कालेज जैगहा में क्वारंटीन कराए गए। जिले में स्थापित तीनों आइसोलेशन सेंटरों पर बाहर से आए लोगों की जांच की जा रही है। जिसे जरा भी संदिग्ध समझा जा रहा है, उन्हें क्वारंटीन सेटरों पर भेज कर 14 दिन की निगरानी में रखा जा रहा है।
बाहर से आये लोगों के उनके गांव में पहुंचने पर काफी हड़कंप मचा हुआ है। आये दिन गांव के लोग बाहर से आये लोगों की शिकायत कर रहे है। बार-बार के कहे जाने के बाद भी बाहर से आये लोग खुद को होम क्वारंटीन नहीं कर रहे है। जिससे कई ग्रामों में तो विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी। इसे देखते हुए शासन ने बाहर से जिले में पहुंचने वालों के लिए क्वारंटीन सेंटर बना कर वहीं ठहराने का निर्देश दिया। 14 दिनों की निगरानी के बाद ही उन्हें घर भेजे जाने को कहा गया। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने तीन स्थानों पर बाहर से आए लोगों के लिए क्वारंटीन सेंटर बनाया है। इसमें 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया, फार्मेसी कालेज जैगहा व नवनीत मैनेजमेंट कालेज बघावर शामिल हैं। शनिवार से ही इनका संचालन भी शुरू कर दिया गया है। 100 शैय्या अतरौलिया पर कुल 120 यात्रियों को क्वारंटीन के लिए ठहराया गया है। वहीं सोमवार की शाम तीन बजे तक 10 लोग फार्मेसी कालेज जैगहा पर रोके गए हैं। ये सभी लोग 14 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में रहेंगे। इसके बाद ही इन्हें घर भेजा जाएगा। इन क्वारंटीन सेंटरों पर रोके गए लोगों के खाने, पीने और सोने की व्यवस्था की गई है।