बूढ़नपुर। तहसील में ब्लाक अहरौला के ग्राम पंचायत युधिष्ठिरपट्टी के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए अशोक कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रशासन से मामले की जांच कराकर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युधिष्ठिरपट्टी गांव निवासी अशोक कुमार, हरिकेश, ओमप्रकाश, लालबहादुर, सिंटू, इन्दू, कमलावती, राजकुमार, विद्यावती, गीता, चन्द्रभान, मालती, मोती, सरिता, उर्मिला, साधना, रंजना, सुखराम, हरिश्चन्द्र, सुषमा, नीलम, अक्षयबर, निधि, प्रमोद, चन्द्रदेव, सीमा, प्रमिला आदि ने डीलर के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि कोटेदार द्वारा नियमित रूप से राशन का वितरण नहीं किया जाता है। इस संबंध में आठ महीने पूर्व उपजिलाधिकारी से शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक उसका कोई असर नहीं हुआ। गांव में पीओएस मशीन द्वारा वितरण नहीं किया जा रहा है। पूछे जाने पर मशीन खराब का हवाला दिया जाता है। उपभोक्ताओं के अंगूठा मिसमैच बताकर वापस कर दिया जाता है। लीलावती, प्रियंका, सीतली, नीता, गुड्डी, शारदा ने बताया कि कोटेदार की मिलीभगत से हमरा नाम सूची से काट दिया गया है। शिकायत की जाती है तो कोटेदार उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता करता है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी इन्द्रभान तिवारी से उक्त सस्ते गल्ले की दुकान की जांच कराकर डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी इन्द्रभान तिवारी ने कहा कि जांच का विषय है। जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।