औरैया। ब्लॉक सहार की ग्राम पंचायत बर्रू फफूंद के ग्रामीणों ने गांव में निर्माणाधीन आरसीसी रोड के पानी का ढलान गलत दिशा में मोड़े जाने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर डीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि शिकायत करने पर सड़क का काम बीच में ही रोक दिया गया है। इससे सड़क का पानी घरों में भर रहा है।
ग्राम पंचायत बर्रू कुलासर निवासी उमाशंकर कोरी, बृजनंदन, कल्पना, रीता देवी, रेखा देवी, कृष्णा देवी, आंकाक्षा, नीलम, गीता देवी आदि ने कलक्ट्रेट कार्यालय पर डीएम अभिषेक सिंह को दिए शिकायती पत्र में कहा कि गांव में सीसी रोड तथा जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क का ढलान दिबियापुर-बेला रोड के किनारे स्थित पूर्व में बने नाले में न डालकर उल्टा किया जा रहा है। गांव के उमाशंकर व उदय प्रकाश ने बताया कि पिछले एक वर्ष से गंदगी व कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। इतना ही नहीं घर के अंदर भी पानी भर रहा है। आरोप है कि दबंगों के कहने पर उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि पूर्व में तत्कालीन डीएम श्रीकांत मिश्रा को प्रकरण की शिकायत की गई थी। प्रकरण की जांच बीडीओ को सौंपी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मार्च में बिधूना में तहसील दिवस में प्रकरण की शिकायत की गई थी। मौके पर अधिकारियों ने प्रकरण की जांच की थी लेकिन तब से कार्य आधा-अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों ने डीएम से प्रकरण की जांच कराए जाने तथा जलनिकासी की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है। डीएम ने प्रकरण की जांच कराकर उचित कार्रवाई करने का ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है।