Auraiya: जंगल में मिला वृद्ध का शव...पेड़ से लटकी थी बॉडी, पुलिस बोली- कई दिन पुरानी है लाश, आ रही थी बदबू
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक नशे का आदी रहा है। वह पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका है। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विस्तार
औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जाजपुर के जंगल में बुधवार दोपहर एक वृद्ध का शव गमछे से लटकता मिला। चरवाहों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक छह अगस्त से लापता था।
जाजपुर निवासी चरवाहे रोज की तरह बुधवार को जंगल में मवेशी चराने के लिए गए थे। मवेशी चराने के दौरान उठ रही बदबू का पता लगाने के लिए चरवाहे जंगल में अंदर की ओर चले गए। जहां उन्हें शीशम के पेड़ पर वृद्ध का शव फंदे पर झूलता मिला।
चरवाहों ने इसकी जानकारी गांव में दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया। शव कई दिन पुराना होने की वजह से बुरी तरह बदबू दे रहा था। मौके पर पहुंचे सिकरोड़ी निवासी वीर सिंह ने शव की शिनाख्त अपने साले शिवकुमार (60) निवासी बम्हौरा थाना बकेवर इटावा के रूप में की।
जानकारी पर पहुंचे मृतक के भाई नरेंद्र ने बताया कि शिवकुमार की पत्नी की मौत 20 वर्ष पहले ही हो चुकी है, उसके कोई बच्चे भी नहीं है। वह बड़े भाई भोला सिंह, और छोटे सुरेंद्र व उसके के साथ ही रहता है। विगत छह अगस्त को भाई बिना बताए घर से निकल गया था। इस पर मंगलवार को उसने बकेवर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने की बात कहकर टरका दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक नशे का आदी रहा है। वह पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका है। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।