{"_id":"4e15db8acf561e90d1a9c899a0afb0c2","slug":"baje-dhol-and-nagare-ex-en-opened-the-doors-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बजे ढोल नगाड़े, एक्सईएन ने खोले किवाड़े","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बजे ढोल नगाड़े, एक्सईएन ने खोले किवाड़े
अमर उजाला ब्यूरो औरैया
Updated Sat, 08 Aug 2015 01:42 AM IST
विज्ञापन
विद्युत आपूर्ति के अभाव में पेयजल संकट से जूझ रहे व्यापारियों व आम लोगों के सब्र का बांध टूट गया। शुक्रवार सुबह आक्रोशित उपभोक्ताओं ने व्यापारी संगठन (श्याम बिहारी मिश्रा गुट) के नेतृत्व में ढोल नगाड़े के साथ मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला।
विज्ञापन
बाद इसके एक्सईएन आवास पहुंचकर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित लोगों का कहना था कि अधिकारियों की अनदेखी से पेयजल आपूर्ति के समय बिजली कटौती से लोग बुरी तरह से त्रस्त हैं। बावजूद इसके कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है।
विज्ञापन
एक माह से शहर की विद्युत आपूर्ति को ढर्रे पर लाने के लिए श्याम बिहारी मिश्रा गुट व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष राजेश बाजपेई, जिला महामंत्री स्वतंत्र अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष अमर विश्नोई के नेतृत्व में व्यापारियों व आम उपभोक्ताओं ने ढोल नगाड़े के साथ जुलूस निकाला।
विज्ञापन
होमगंज चौराहे से शुरू हुआ जुलूस गुमटी मोहाल, बजरिया, लेडीज मार्केट, संजय गेट, इटावा रोड होते हुए तिलक नगर स्थित एक्सईएन आवास पर पहुंचा। जुलूस में शामिल व्यापारियों ने विद्युत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुबह-सुबह घर के बाहर ढोल नगाड़े का शोरगुल सुनकर एक्सईएन पंकज शर्मा की नींद टूटी। घर के बाहर भारी जन सैलाब देखकर उनके हाथ- पांव फूल गए।
आक्रोशित उपभोक्ताओं का कहना था कि शहर की विद्युत आपूर्ति को दुरस्त कराने के लिए कोई अधिकारी दिलचस्पी नहीं ले रहा है। इस बाबत एक्सईएन से लेकर अधीक्षण अभियंता तक ज्ञापन देकर पेयजल आपूर्ति के समय विद्युत कटौती बंद किए जाने की मांग की गई। बावजूद इसके अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंगी है।
डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने एक्सईएन विद्युत पंकज शर्मा का घेराव किया। इस पर एक्सईएन पंकज शर्मा ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर रात में 10 से सुबह सात बजे तक और सुबह 11 से शाम पांच बजे तक शहर को कटौती मुक्त कराए जाने की मांग की।
एक्सईएन पंकज शर्मा ने व्यापारियों को बताया कि वह हर हाल में इस समस्या को दूर कराने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर सतीश वर्मा, उमेश वर्मा, रमन मिश्रा, बीनू वर्मा, माधव मराठा, नितिन वर्मा, निखिल अग्रवाल, श्रीराम पुरवार, रविशंकर शुक्ला, भानू राजपूत, सरफराज खां, छुन्नू, संजय वर्मा, रमाकांत दुबे, गोविंद गुप्ता, अपूर्व पुरवार सहित भारी संख्या में व्यापारी व आम उपभोक्ता शामिल रहे।
मैं खुद भी हूं उपभोक्ता- औरैया। व्यापारियों का आक्रोश देख एक्सईएन पंकज शर्मा ने घर के बाहर निकलते ही अपने को आम उपभोक्ता बताना शुरू कर दिया। इस पर व्यापारियों ने उन्हें भी अपने साथ धरने पर बैठा लिया।