औरैया: यमुना में फिर उतराता मिला शव, कोरोना संक्रमण कम होते ही निगरानी समिति और पुलिस नदारद
इसको लेकर अधिकारी गोलमोल जवाब देते नजर आए। प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन से लेकर नगरीय निकायों और ग्राम पंचायत की निगरानी समितियों को निर्देश दिए थे कि शव नदियों में न फेंके जाए। मई में कई बार यमुना में शव फेंके जाने के मामले सामने आने पर घाट के पास दो सिपाहियों के साथ निगरानी समिति को नजर रखने के लिए कहा गया था।
लेकिन जैसे ही कोरोना संक्रमण कम हुआ, प्रशासनिक अमला सुस्त पड़ गया। शनिवार को यमुना नदी के शेरगढ़ घाट के पास ही शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कुछ मछुवारों ने बताया कि कई दिन से घाट पर निगरानी करने वाला कोई नहीं है। इसलिए फिर से शव फेंके जाने लगे हैं।
अपर्णा गौतम, एसपी
शेरगढ़ घाट पर पुलिस फोर्स शवदाह स्थल पर तैनात की गई है। वहां ऐसी कोई भी शिकायत नहीं मिल रही है। अगर क्षेत्र में कहीं यमुना में शव उतराता मिला है, तो इसकी जानकारी कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।