दिबियापुर (औरैया)। बुधवार शाम एक्सीडेंट में मौत के मामले में उस समय मोड़ आ गया, जब गुरुवार सुबह मृतक के भाई एवं परिजनों ने दिबियापुर थाने पहुंचकर हत्या का आरोप लगाया। आरोप है कि रास्ते में घेरकर उसके भाई की हत्या कर दी गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।
ग्राम जयकरन का पुर्वा निवासी वेद प्रकाश (22) पुत्र राम महेश बुधवार को अपने घर से क्षेत्र के ग्राम पाता में अपनी बहन द्रोपदी के घर करवाचौथ के लिए करवा देने गया था। लौटते वक्त रात में झपटियापुर के समीप वह घायलावस्था में मिला। उसे दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया, यहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। औरैया से आगे उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई पुष्पेंद्र के अनुसार बुधवार रात लोगों ने बताया था कि वेदप्रकाश की मौत एक्सीडेंट से हुई है। इस पर परिवारीजनों ने भी विश्वास कर लिया था। लेकिन देर शाम मौत होने पर जब वह अपने भाई के शव को घर लेकर पहुंचे तो पीठ पर मारपीट के निशान दिखे। गरदन एवं सिर पर भी चोटें हैं, लेकिन बाइक का सिर्फ एक इंडीकेटर टूटा है। इसमें उसे खरोंच भी नहीं आई है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह राज मिस्त्री का काम करता था। उप निरीक्षक जितेंद्र के अनुसार परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्यवाई की जाएगी।