अमरोहा। दो दिन पहले बाइक सवार बदमाशों ने बुलंदशहर में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली थी। बाद में ट्राली को संभल में बेच दिया था। रविवार की रात देहात थानाक्षेत्र में हैरो चोरी करते समय पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटा गया ट्रैक्टर और चोरी की हैरो बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बुलंदशहर में हुई ट्रैक्टर लूट की घटना को कबूल किया। बदमाशों के कब्जे से तमंचा और कारतूस मिले। पुलिस तीनों बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार की रात देहात थाना इंस्पेक्टर संजीव कुमार त्यागी, दरोगा अरुण कुमार, लवलीस कुमार, कांस्टेबल लाल सिंह, निशांत मान और लोकेश कुमार के साथ रात्रि गश्त पर थे। तभी उन्होंने मुखबिर की सूचना पर कैलसा पृथ्वीपुर चौराहे के पास तीन बदमाशों को हैरो चोरी करते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से बुलंदशहर से लूटा गया ट्रैक्टर भी बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम राकेश व आकाश निवासी वर्मा कॉलोनी डिडौली, गौतम निवासी मुनीमपुर उर्फ वैसपुर थाना अमरोहा देहात बताया। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपियों ने यह ट्रैक्टर शुक्रवार को बुलंदशहर के थाना रामघाट क्षेत्र से लूटा था। उसके साथ लूटी गई ट्राली को संभल में बेच दिया था जबकि अब वह जुताई करने वाली हैरो चोरी कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। तीनों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। बदमाशों को आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।