गजरौला (अमरोहा)। बेमौसम झमाझम बारिश और ओलावृष्टि के साथ ही तेज हवा चलने से गेहूं की फसल बिछ गई है। फसलों को हुए नुकसान से किसान मायूस हैं। वहीं बृहस्पतिवार की रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण निचले हिस्सों में पानी भर गया। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया।
बृहस्पतिवार की रात लगभग 12 बजे से बारिश शुरू हो गई थी। बादलों की तेज गड़गड़ाहट और बिजली कड़कने के साथ ही झमाझम बारिश से मौसम भी सर्द हो गया। रात में कई बार तेज बारिश हुई। वहीं शुक्रवार की सुबह सवेरे से ही बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ तेज हवा चलने से नगर में कई स्थानों पर लगे होर्डिंग और बोर्ड आदि उखड़कर नीचे आ गिरे। वहीं खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। गांव नगलिया बहादुरपुर निवासी किसान सरवेंद्र सिंह, ऋषिपाल सिंह, गीता देवी ने बताया कि यह बेमौसम बारिश गेहूं की फसल के लिए काफी नुकसानदायक साबित होती है। खादगूजर निवासी जोरावर सिंह, मझोला निवासी जगजीत सिंह, होशंगपुर के प्रधान अनिल कुमार, भारतीय किसान मजदूर संगठन के पश्चिमी उप्र अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, कुमराला निवासी गेंदा सिंह, रहदरा निवासी रमेश यादव, टोकरापट्टी निवासी जाहिद अली, फुरकान आदि किसानों ने बताया कि बारिश और आंधी से खेतों में खड़ी फसलें बिछ र्गइं हैं। वहीं बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। थाना परिसर, जूनियर हाई स्कूल बस्ती, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आवासीय कालोनी, पशु चिकित्सालय, फाजलपुर स्थित बड़ा बिजलीघर, 132 केवी बिजलीघर के साथ ही कई स्थानों पर पानी भर गया। वहीं नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और कीचड़ सड़कों पर जमा हो गई। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।