मंडी धनौरा। खेत में पशु चराने को लेकर हुए हिंसक संघर्ष में रिंकू सैनी की हत्यारोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई रायफल भी बरामद कर ली गई है। दूसरी ओर झगड़े में गंभीर रूप से घायल हुए गुरनाम की ओर से मृतक रिंकू समेत चार के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मंगलवार की सुबह थाना क्षेत्र के गांव रमपुरा खादर में खेत में पशु चराने को लेकर मुखराम सैनी और धर्म सिंह के परिवार के बीच खूनी झड़प हो गई थी। झड़प में मुखराम के पुत्र रिंकू सैनी उम्र 19 साल की गोली लगने से मौत हो गई थी और उसका बड़ा भाई जसपाल भी घायल हो गया था। धर्म सिंह का पुत्र गुरनाम भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में मुखराम की ओर से धर्म सिंह और उसके दो पुत्रों गुरनाम सिंह व विचित्र सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बुधवार को थाने पर सीओ सतेंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि धर्म सिंह व विचित्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त की गई राइफल भी बरामद कर ली गई है। दूसरी ओर गुरनाम की तहरीर पर पुलिस ने मृतक रिंकू, मुखराम सैनी, हरीपाल, जसपाल के खिलाफ भी हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक सर्वेंद्र शर्मा, कस्बा चौकी इंचार्ज सुनील शर्मा मौजूद थे।