हाशमी दवाखाना के मालिक को धमकी: डॉ. सिराजुद्दीन समेत पूरे परिवार को मारने की कही बात, मांगे दो करोड़ रुपये
शुक्रवार को डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी ने अपने बेटे डॉ. बुरहानुद्दीन हाशमी के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप का नाम सामने आते ही पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
विस्तार
लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के गुर्गे ने हाशमी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी और परिवार से सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई है। उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। जिस नंबर से धमकी मिली है वह पुर्तगाल देश का है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से रोहित गोदारा का छोटा भाई राहुल बताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी, उनके बेटे बुरहानुद्दीन हाशमी और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी अमरोहा के मोहल्ला काजीजादा के रहने वाले हैं। हाशमी दवाखाना के अलावा हाशमी इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज और लॉ कॉलेज भी चलाते हैं। शहर के प्रख्यात लोगों में से एक डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी मिलनसार व्यक्ति हैं। 30 जुलाई की सुबह डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी और उनके भाइयों के फोन पर अननोन नंबर से कॉल आई थी, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी के बेटे डॉ. बुरहानुद्दीन हाशमी के नंबर पर कॉल आई। इसके थोड़ी देर बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे गए। जिसमें दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रुपये अदा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से रोहित गोदारा का छोटा भाई राहुल बताया है।
जान से मारने की धमकी के बाद हाशमी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी और उनके परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। शुक्रवार को डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी ने अपने बेटे डॉ. बुरहानुद्दीन हाशमी के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप का नाम सामने आते ही पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धमकी और जबरन वसूली करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक जिस मोबाइल नंबर 351920058923 से कॉल की गई है वह पुर्तगाल देश का होना सामने आया है। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हाशमी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी और उनके परिवार को सुरक्षा दी गई है। मामले में सर्विलांस के अलावा तीन टीम गठित की गई हैं। जल्द ही धमकी देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, पुलिस को शक है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने इंटरनेट के माध्यम से धमकी भरी कॉल और संदेश भेजे गए होंगे।