हसनपुर में इरम हत्याकांड के आरोपी पति और ससुर पर तीसरे आरोपी ने ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। इरम के बच्चों का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है। रंगदारी नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने सीओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
डेढ़ साल पहले हसनपुर के मोहल्ला कालाशहीद में विवाहिता इरम की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसके पति फाजिल और ससुर आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन बाद में आरोपियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने अमरोहा के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी फुरकान को भी आरोपी बनाकर जेल भेज दिया था। फिलहाल सभी आरोपी जेल से बाहर हैं, लेकिन मंगलवार को आरोपी फुरकान ने सीओ सिटी विजय कुमार राणा को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि इरम का पति फाजिल, उसका पिता आरिफ, भाई कादिर व अन्य परिजन रुपये की मांग करते हैं। पहले भी कई बार पैसे ले चुके हैं। रुपये नहीं देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। आरोप है कि अब फाजिल जान से मारने की धमकी का आरोप लगाकर अपने बच्चों की फर्जी वीडियो बनाकर रिश्तेदारों को भेज रहा है। रुपये नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल कर रहा है। सीओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।