अमरोहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक की अध्यक्षता में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी (यूटीआरसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद के कारागारों में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
बुधवार को हुई बैठक में जनपद के विभिन्न कारागारों में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के प्रकरणों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से ऐसे बंदियों के मामलों पर विचार किया गया, जो विधिक प्रावधानों के अंतर्गत जमानत के पात्र हैं, जिनका मामला लंबे समय से लंबित है अथवा जो निर्धारित सजा की अवधि के समतुल्य या उससे अधिक समय से निरुद्ध हैं। ऐसे पात्र बंदियों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए विधिक प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। बैठक के दौरान निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मामले में विधिक सहायता की उपलब्धता तय की जाएगी। बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही, ऐसे बंदी जो आर्थिक या अन्य कारणों से अधिवक्ता नियुक्त करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाए। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायाधीश एवं सचिव अभिषेक कुमार व्यास, अपर जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जेल अधीक्षक सहित अभियोजन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।