Gajraula News: शिक्षिका और छात्राओं से अश्लीलता में प्रधानाचार्य निलंबित, काॅलेज आने पर भी लगा प्रतिबंध
शिव इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को शिक्षिका और छात्राओं से अश्लील हरकतों के आरोप में प्रबंध समिति ने निलंबित कर दिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी लेकिन अब कॉलेज आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। समिति ने गगन अग्रवाल को कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त किया।
विस्तार
शिक्षिका और छात्राओं से अश्लील हरकतें करने के आरोप में गिरफ्तार शिव इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शलभ भारद्वाज को रविवार को कॉलेज की प्रबंध समिति ने निलंबित कर दिया है। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ समय बाद ही कोर्ट से उन्हें निजी मुचलके पर जमानत मिल गई थी।
समिति ने उनके कॉलेज आने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है और गगन अग्रवाल को कार्यवाहक प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। प्रबंध समिति जांच कमेटी गठित कर उनके खिलाफ जांच करेगी। आरोपपत्र जिला विद्यालय निरीक्षक काे दाखिल किया जाएगा।
कॉलेज परिसर में रविवार दोपहर आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में प्रबंधक सुभाष भूषण शर्मा ने पूरा घटनाक्रम रखा। उन्होंने कहा कि कॉलेज की एक शिक्षिका ने डीआईओएस, राज्य महिला आयोग और डीएम को शिकायतीपत्र लिखा था।
इसमें उन्होंने प्रधानाचार्य डॉ. भारद्वाज पर उनके व छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया था और कार्रवाई की मांग की थी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिकायत को गंभीरता से लिया और जांच के लिए तीन तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी।
जांच समिति ने कॉलेज में आकर छात्राओं के बयान दर्ज किए थे। कमेटी ने प्रधानाचार्य पर लगाए आरोपों की पुष्टि करते हुए अपनी रिपोर्ट डीआईओएस को सौंपी थी। इस पर डीआईओएस ने उनको पत्र लिख प्रधानाचार्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
रविवार को कॉलेज में हुई बैठक में 15 सदस्यीय समिति के 13 सदस्य उपस्थित थे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों समेत 13 सदस्यों ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने का निर्णय लिया।
गगन अग्रवाल बन कार्यवाहक प्रधानाचार्य
बैठक में गगन अग्रवाल को कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि प्रबंध समिति की अनुमति के बिना प्रधानाचार्य कॉलेज में प्रवेश नहीं करेंगे। निलंबित किए गए प्रधानाचार्य डॉ. शलभ भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई जांच समिति बनाने का निर्णय लिया गया जो उनके खिलाफ की गई शिकायतों की जांच करेगी।
इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस मौके पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनिरुद्ध रस्तोगी, अशाेक कुमार शर्मा, मुनीश चंद्र गुप्ता, रमेश चंद्र सक्सेना, भूरे खां आदि मौजूद रहे।