दुष्कर्म मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार: महिला ने मारपीट-दुष्कर्म और हाथ की नस काटने के लगाए थे आरोप, भेजा जेल
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता महेंद्र प्रजापति और उसके साथी आकाश व उदय प्रताप ने महिला के पर्स से पांच हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया था। बाद में महिला के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में भी धाराओं को बढ़ाया था।
विस्तार
अमरोहा में घर बुलाकर महिला से छेड़खानी और दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी भाजपा नेता के दो नामजद साथियों की तलाश में है।
रजबपुर थाना इंस्पेक्टर रमेश सहरावत ने बताया कि बछरायूं थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने छह जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बताया था कि महेंद्र प्रजापति नाम का व्यक्ति खुद को भाजपा का महामंत्री बताता है। उसने महिला को किसी काम से घर बुलाया था। आरोप है कि महेंद्र प्रजापति के साथ उसके साथी आकाश और उदय प्रताप भी थे। यहां महेंद्र प्रजापति ने महिला के साथ छेड़खानी की थी। विरोध करने पर महिला के हाथ की नस काट दी और मारपीट की।
महिला का आरोप है कि महेंद्र प्रजापति के साथी आकाश व उदय प्रताप ने महिला के पर्स से पांच हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया था। बाद में महिला के बयानों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में भी धाराओं को बढ़ाया गया। आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी दी थी। तभी से भाजपा नेता मुकदमे में वांछित चल रहा था।
गुरुवार को पुलिस ने महेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया हैं। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल ने बताया कि महेंद्र प्रजापति पर दो पदों का दायित्व है। वह ओबीसी मोर्चा के महामंत्री भी हैं और लोकसभा चुनाव तक लोकसभा संयोजक भी हैं।