Amroha: हसनपुर में पीट-पीटकर किसान को मार डाला, परिजन बोले- नाली को लेकर हुआ था विवाद, गांव में पुलिस तैनात
अगरौला कलां गांव में नाली के विवाद को लेकर हुई मारपीट में किसान मकसूद की मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
अगरौला कलां गांव में मंगलवार की दोपहर नाली के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में घायल मकसूद (55) की मौत हो गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।गांव अगरौला कलां निवासी मकसूद के परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं।
वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करते थे। गांव में ग्राम पंचायत की ओर से सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को पड़ोसियों ने मकसूद पर नाली का पानी रोकने का आरोप लगाया तो मकसूद की कहासुनी हो गई। जिस पर पड़ोसियों ने उसे जमकर पीटा। परिजन उसे घायल अवस्था में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मकसूद का शव को लेकर कोतवाली पहुंचे और पड़ोसियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी समारोह में कहासुनी के बाद मारपीट
बिलासपुर में शादी समारोह में कहासुनी के बाद घर लौटने के बाद दबंगों ने दूल्हे के चचेरे भाई के साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अमरोहा नगर के मोहल्ला छेबड़ा में रोहित कुमार का परिवार रहता है। एक मार्च को उनके तहेरे भाई करन की बारात बिलासपुर के धावनी गांव में गई थी। तभी, मोहल्ले के रहने वाले सोनू और अर्जुन से रवि कुमार की कहासुनी हो गई थी।
इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने समझ कर विवाद शांत कर दिया। लेकिन, जैसे ही बारात घर वापस आई, तभी सोनू ने रोहित और अर्जुन के साथ मिलकर गाली गलौज की। विरोध करने पर लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में सोनू, रोहित और अर्जुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।