{"_id":"62d8e884dec4f30ea9756a3a","slug":"amroha-electric-pole-fell-on-rickshaw-going-to-pick-up-students-driver-dies","type":"story","status":"publish","title_hn":"Amroha: विद्यार्थियों को लेने जा रहे रिक्शा पर गिरा विद्युत पोल, चालक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Amroha: विद्यार्थियों को लेने जा रहे रिक्शा पर गिरा विद्युत पोल, चालक की मौत
Thu, 21 Jul 2022 11:17 AM IST
अनुराग सक्सेना
संवाद न्यूज एजेंसी, ढबारसी (अमरोहा)
संवाद न्यूज एजेंसी, ढबारसी (अमरोहा)
Published by: अनुराग सक्सेना
Updated Thu, 21 Jul 2022 11:17 AM IST
सार
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत पोल तीन दिन पूर्व सड़क की ओर झुक गया था। तब ग्रामीणों ने हादसे की आशंका जताते हुए उसे ठीक कराने की मांग की थी। लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण हंगामा कर रहे हैं।
विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
स्कूल के लिए बच्चों को लेने जा रहे रिक्शा पर विद्युत पोल गिर जाने की वजह से करंट की चपेट में आए चालक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने विद्युत अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया है। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। हादसे के वक्त चालक रिक्शा में अकेला ही था। यदि बच्चे भी होते तो हादसा और बड़ा हो सकता था।
विज्ञापन
क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी 25 वर्षीय संजीव कुमार ई-रिक्शा चालक था। वह रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। रिक्शा डिवाइन पब्लिक स्कूल सिकन्दराबाद में लगा हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह संजीव कुमार स्कूल के लिए बच्चों को उनके घर से लाने के लिए ई-रिक्शा से बीझलपुर व सूवरा गांव से जा रहा था। रास्ते किनारे खड़ा हाईटेंशन लाइन का विद्युत पोल अचानक ई रिक्शा पर गिर गया। उस समय बिजली भी आ रही थी।
विज्ञापन
पोल ई-रिक्शा चालक की बांह पर गिरा, जिससे उसकी बांह कट गई तथा करंट की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं परिवार के लोग पहुंच गए। मौत की सूचना के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों का आरोप है कि विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही से हादसा हुआ।
विज्ञापन
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत पोल तीन दिन पूर्व सड़क की ओर झुक गया था। तब ग्रामीणों ने हादसे की आशंका जताते हुए आदमपुर बिजली घर पर तैनात कर्मचारियों से उसे ठीक कराने की मांग की थी। लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण हंगामा कर रहे हैं। पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश कर रही है।
मृतक के दो मासूम बेटे हैं। आदमपुर थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि बिजली के करंट लगने से ई-रिक्शा चालक की मौत हुई है। मामले में जो भी तहरीर मिलेगी। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।