अमरोहा में मिशन शक्ति: एक दिन की डीएम-एसपी बेटियों ने सुनीं समस्याएं, बगैर हेलमेट वाहन चालकों के काटे चालान
नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत अमरोहा में होनहार छात्राओं को एक दिन का थानेदार, डीएम और एसपी बनाया गया। बेटियों ने शिकायतें सुनीं, पुलिसिंग सीखी और सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाया। संपूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।
विस्तार
नवरात्र के चलते मिशन शक्ति के विशेष अभियान के तहत संपूर्ण समाधान दिवस में एक दिन की डीएम बनीं हिमाद्री सैनी और एसपी आराध्या यादव बेटियों ने जन शिकायतें सुनीं। अधीनस्थों को समस्याओं के तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए। जनपद के सभी 12 थानों में विभिन्न स्कूलों की होनहार बेटियों को एक दिन का थानेदार बनाया गया।
बेटियों ने एक तरफ जहां पुलिसिंग को समझा तो वहीं सड़कों पर उतरकर चेकिंग अभियान चलाया। बगैर हेलमेट बाइक चलाने वालों के चालान काटे। एक दिन का अधिकारी बनने के बाद बेटियों के तेवर भी अलग दिखे। चेकिंग के दौरान बगैर हेलमेट पहने बाइक सवारों को फटकार भी लगाई।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए नवरात्र के चलते मिशन शक्ति के विशेष अभियान फेस पांच की एक अक्तूबर को शुरुआत की थी। इस क्रम में शनिवार को छात्राओं के उत्साहवर्धन और जागरूकता के लिए होनहार छात्राओं को एक दिन का थानेदार बनाया।
अमरोहा नगर कोतवाली की जिम्मेदारी श्रीराम इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा 11 की छात्रा अलीशा नकवी पर रही। डिडौली कोतवाली में कक्षा नौ की छात्रा ग्रेसी को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। जबकि, गुरुकुल चोटीपुरा की छात्रा अंजलि को रजबपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं, बीएनएस कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली इंटर की छात्रा तनु को देहात आने का प्रभारी बनाया गया। नौगांवा सादात थाने की जिम्मेदारी नवोदय विद्यालय की कक्षा दस की छात्रा अंजलि को दी गई। इस दौरान एक दिन की थाना प्रभारी बेटियों के साथ संबंधित थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
नौगांवा सादात में संपूर्ण समाधान दिवस में जिआन इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा आराध्या यादव को एक दिन के लिए एसपी बनाया गया। जबकि ब्रिलिएंट स्कॉलर्स पब्लिक इंटर कॉलेज की इंटर की छात्रा हिमाद्री सैनी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।
दोनों ही छात्राओं ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनी और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम निधि गुप्ता और एसपी कुंवर अनुपम सिंह मौजूद रहे।
अपने हेलमेट क्यों नहीं लगाया.. दरोगा जी चलान काटिए
डिडौली में कक्षा नौ की छात्रा ग्रेसी को डिडौली कोतवाली में एक दिन का इंस्पेक्टर बनाया गया। बाद में ग्रेसी ने थाने से जुड़े अभिलेख देखे। इसके बाद सरकारी गाड़ी से जोया पहुंचीं। यहां वाहन चेकिंग कराई। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले युवाओं को फटकार लगाई और यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।
लगातार बाइक सवारों को बगैर हेलमेट देखकर नाराजगी जताई और कहा कि आपने हेलमेट क्यों नहीं लगाया, आपको अपने जीवन की परवाह नहीं है, दरोगा जी इनका चालान काटिए। उधर, गजरौला में इंटर की छात्रा काजल सिंह शनिवार सुबह एक दिन की थानेदार बनाई गईं।
काजल सिंह ने फरियादी की शिकायत पर हलका इंचार्ज को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर देखें। उसके बाद चेकिंग अभियान चलाकर दोपहिया वाहन सवारों को हेलमेट लगाने के निर्देश दिए। मंडी धनौरा के लायंस कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा आयुषी एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं। उधर, हसनपुर में झम्मन लाल कॉलेज की बीएससी की छात्रा आस्था सिंह को कोतवाल बनाया गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.