मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर के शिव मंदिर की गाय को शरारती तत्वों द्वारा काटने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर हंगामा किया गया। उन्होंने गोकशी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। रात में एसडीएम और सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
विश्व हिंदू परिषद के जिला सचिव हेमंत सारस्वत ने बताया कि उनके संगठन को मंगलवार की अपराह्न सूचना मिली कि गांव शेरपुर के शिव मंदिर की गाय को कुछ शरारती तत्वों ने काट दिया। गाय के मरने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता गांव पहुंच गए। मंदिर के महंत नरोत्तम गिरी ने संघ व विहिप कार्यकर्ताओं को जानकारी दी कि मंदिर की गाय को कुछ लोगों ने काट दिया है। संघ व विहिप नेताओं ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। सीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह को गांव भेजा गया है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर हेमंत सारस्वत, साजन त्यागी, ऋषभ त्यागी, ज्ञानेश शर्मा आदि मौजूद थे।