रहरा। त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर में परिसर विशेष यातायात प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों एवं गन्ना ढोने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एआरटीओ महेश कुमार, यातायात प्रभारी अनुज कुमार मलिक, अनिल कुमार जग्गा आदि ने किसानों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में अवगत कराय। एआरटीओ महेश कुमार ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र के दौरान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहन सड़कों पर संचालित होते हैं, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से ओवरलोडिंग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, वाहन के सभी आवश्यक कागजात पूर्ण रखने की अपील की। यातायात प्रभारी अनुज कुमार मलिक ने कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। दौरान वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, इंडिकेटर, हेडलाइट, ब्रेक लाइट एवं रिफ्लेक्टर के सही प्रयोग की जानकारी दी गई। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। इस मौके पर मिल उपाध्यक्ष आमोद कुमार शर्मा, टीसी राजोरिया, अमेज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।