फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   Police careless about security at night

रात में सुरक्षा को लेकर पुलिस लापरवाह

Tue, 10 Aug 2021 11:00 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Tue, 10 Aug 2021 11:00 PM IST
विज्ञापन
Police careless about security at night
अंबेडकरनगर के हयातगंज पुलिस चौकी पर नहीं दिखा पुलिस कर्मी। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। 15 अगस्त व मोहर्रम को लेकर जब प्रदेश में अलर्ट की स्थिति है, तब जिले में रात्रि सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। यहां रात में सुरक्षा को लेेकर पुलिस कर्मियों का हैरान कर देने वाला रवैया सामने आया है। सोमवार करीब आधी रात अमर उजाला टीम ने सुरक्षा व स्वास्थ्य की आकस्मिक सेवाओं का जायजा लेने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों का रुख किया तो कदम-कदम पर मनमानी व लापरवाही देेखने को मिली। नाइट रिपोर्टर की पहली कड़ी में आज हम पुलिस कर्मियों की लापरवाही की वह तस्वीर आपके सामने रख रहे हैं, जो सोमवार की रात देखने को मिली।
विज्ञापन

हद दर्जे की लापरवाही यह कि नेशनल हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर चलने के दौरान न तो डायल 112 टीम दिखी और न ही अन्य कोई पुलिस कर्मी। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र का इल्तिफातगंज चौराहा आधी रात को बिना पुलिस कर्मियों के दिखा तो अलीगंज थाना क्षेत्र में अलीगंज से लेकर एनटीपीसी गेट तक कोई चौकसी देखने को नहीं मिली। टांडा शहर के बाहर चिंतौरा तिराहा सन्नाटे में डूबा दिखा। टांडा कोतवाली में कोतवाल जरूर लेनदेन के एक विवाद का निपटारा करते दिखे। लेकिन छज्जापुर व हयातगंज चौकी लावारिस सी दिखी।
विज्ञापन

इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र की एनटीपीसी पुलिस चौकी पर कोई पहरा देखने को नहीं मिला तो वहीं अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की अरिया पुलिस चौकी में अंधेरा छाया था। यहां कोई पुलिसकर्मी नहीं दिखा। अकबरपुर नगर के बस स्टेशन व तहसील तिराहे पर रात में एक भी पुलिस कर्मी नहीं देखने को मिला। टीम रात में लगभग साढ़े तीन घंटे तक अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमती रही। कई बार कुछ क्षेत्रों के अलग-अलग चक्कर लगाए, लेकिन ऐसी किसी संदिग्ध गतिविधि पर रोककर पूछताछ करने के लिए कोई पुलिस कर्मी उपलब्ध नहीं था।
विज्ञापन
विज्ञापन

महिला की फरियाद सुनते मिले कोतवाल
कोतवाली टांडा, समय : 1:05 बजे
टीम रात को 1:05 बजे टांडा कोतवाली के सामने पहुंची तो वहां मुख्य सड़क पर एक युवती स्कूटी के साथ खड़ी दिखाई दी। बगल में ही एक युवक भी खड़ा था। टीम को लगा कि शायद किसी मामले में सुनवाई न हो पाने के कारण बाहर खड़े हैं। उन्होंने बताया कि उनके साथ के लोग अंदर अपनी बात कहने गए हैं। टीम परिसर के अंदर पहुंची तो वहां कोतवाल बृजेंद्र शर्मा नेहरूनगर की अंकिता की फरियाद सुनते मिले। लेनदेन के एक विवाद में महिला वहां पहुंची थी। चार अन्य पुलिस कर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। खास बात यह कि आधी रात से ज्यादा होने के बावजूद ड्यूटी पर जो भी पुलिस कर्मी थे, वह पूरी तरह एक्टिव थे।
मौजूद नहीं था एक भी पुलिस कर्मी
चिंतौरा तिराहा, समय : रात एक बजे
टांडा मुख्य नगर के बाहरी छोर पर स्थित है चिंतौरा तिराहा। यहां बगल में पेट्रोल पंप व डिग्री कॉलेज समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के चलते यह स्थान अत्यंत प्रमुख माना जाता है। संवदेनशील माने जाने वाले हंसवर क्षेत्र को इसी तिराहे से रास्ता जाता है। यहां पर टीम पहुंची तो एक भी पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था। टीम ने यहां चहलकदमी कर कुछ देर तक समय भी व्यतीत किया, लेकिन इसके बावजूद किसी पुलिस कर्मी की आमद नहीं हो सकी।
पुलिस की नहीं दिखी हलचल
हयातगंज पुलिस चौकी, समय : 12:45 बजे
टांडा नगर की हयातगंज पुलिस चौकी पर टीम गई तो वहां कोई हलचल देखने को नहीं मिली। पुलिस कर्मियों की कुछ बाइक वहां खड़ी थीं, लेकिन पुलिस कर्मी नदारद थे। टीम ने अपनी गाड़ी भी पुलिस चौकी के ठीक सामने खड़ी की थी। इसके बाद भी उसकी आवाज सुनकर कोई हलचल पुलिस चौकी से नहीं हो पाई। सन्नाटे में डूबी पुलिस चौकी की फोटो लेकर जब टीम वापस जाने लगी तब तक कोई पुलिस कर्मी वहां नहीं दिखा।
नहीं जग रहा था एक भी सिपाही
छज्जापुर पुलिस चौकी, समय : 12:40 बजे
टांडा नगर के छज्जापुर में मुख्य मार्ग के ठीक किनारे स्थित छज्जापुर पुलिस चौकी में कुर्सी व मेज तो लगी हुई थीं, लेकिन वहां एक भी पुलिस कर्मी नहीं जग रहा था। पुलिस कर्मियों के वाहन यहां भी खड़े दिखे, लेकिन पुलिस चौकी की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह बेफिक्री का माहौल था। टीम पुलिस चौकी में आराम से फोटो लेती रही, लेकिन कोई भी पुलिस कर्मी पूछताछ करने के लिए उपलब्ध नहीं था। ऐसे में कोई असामाजिक तत्व कभी भी यहां पहुंचकर किसी भी अनहोनी को अंजाम दे सकता है।
पसरा दिखा सन्नाटा
एनटीपीसी पुलिस चौकी, समय : रात 12:10 बजे
सोमवार की रात 12.10 बजे टीम पुलिस चौकी पहुंची। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र की इस पुलिस चौकी में सन्नाटा पसरा दिखा। यहां कुर्सी व मेज तो लगी थी, लेकिन पहरे पर कोई पुलिस कर्मी नहीं था। टीम चहलकदमी व कुछ देर रुकने के बाद जब लौट रही थी तो सादी ड्रेस में एक पुलिस कर्मी आया। बताया कि चौकी प्रभारी मौजूद हैं। अभी लखनऊ से लौटे हैं। खाना खा रहे हैं। यहां एक लग्जरी कार परिसर के अंदर खड़ी मिली।
ड्यूटी पर नहीं दिखे पुलिस कर्मी
इल्तिफातगंज चौराहा, रात 12 बजे
ब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफातगंज चौराहे पर ठीक आधी रात को टीम पहुंची तो वहां कोई पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था। अयोध्या रोड पर चौराहे के ठीक आगे मिठाई की एक दुकान खुली मिली। थोड़ी दूर आगे एक कार के साथ नौ दस नागरिक भी खड़े थे। टीम को देख वे सब वहां से खिसकने लगे। टीम वापस चौराहे पर आई, तब तक पुलिस कर्मी नहीं दिखे। न तो यहां थाने से कोई ड्यूटी दिखी और न ही डायल 112 की टीम। इल्तिफातगंज कस्बा नगर पंचायत क्षेत्र है। संवेदनशील एरिया में शामिल माना जाता है। इसके बाद भी यहां लापरवाही दिखाई पड़ी।
नहीं नजर आए पुलिस कर्मी
अकबरपुर बस स्टेशन, रात 1:55 बजे
ीती रात अकबरपुर बस स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर हद दर्जे की बेफिक्री देखने को मिली। यहां रात दो बजे टीम ने दो-तीन चक्कर लगाए, लेकिन पुलिस कर्मी मौजूद नहीं थे। बस स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में कोई वाहन वहीं पर दो-तीन चक्कर लगा रहा हो तो यह संदेह के दायरे में आता है। टीम ने सुरक्षा को परखने के लिए ऐसा किया, लेकिन कोई पुलिस कर्मी मौजूद ही नहीं था। इक्का-दुक्का यात्री यहां मौजूद थे, जबकि चाय-पानी की एक दुकान खुली हुई थी।
गश्त करते नहीं दिखे पुलिस के जवान
एनटीपीसी गेट, समय : 12:15 बजे
बिजली उत्पादन करने वाली एनटीपीसी के संयंत्र के मुख्य गेट पर टीम पहुंची तो वहां भी सन्नाटा दिखा। गेट के अंदर तो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान दिखाई पड़ रहे थे, लेकिन बाहरी क्षेत्र में कोई पुलिस वाला नहीं दिखा। टीम यहां से आगे बढ़ी तो संवेदनशील माने जाने वाले एनटीपीसी रेलवे क्रॉसिंग के पास भी अलीगंज पुलिस की सक्रियता देखने को नहीं मिली। यहां सुनसान स्थान होने के कारण अपराध की संभावना बनी रहती है। इसके बावजूद टांडा से इल्तिफातगंज जाते समय तथा इल्तिफातगंज से वापस टांडा जाते समय अलीगंज पुलिस कर्मी कहीं भी गश्त करते नहीं देखने को मिले।
अंदर कक्ष में सोता मिला सिपाही
अरिया पुलिस चौकी, समय : 1:44 बजे
टीम अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत अरिया पुलिस चौकी पहुंची तो करीब पौने दो बजे वहां सन्नाटा पसरा था। एक पुलिस कर्मी दरवाजा खोलकर अंदर के एक कक्ष में सोता हुआ दिखा। यह स्थिति सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत अनुचित थी। टीम पुलिस चौकी तक गई। अपने कार्य को अंजाम दिया। इसके बाद लौट आई। तब तक कोई पुलिस कर्मी न तो हलचल देखकर जग सका और न ही ड्यूटी करता दिखाई दिया।
नहीं दिखी डायल 112 टीम
नेशनल हाईवे, समय : 1:50 बजे
टांडा से अकबरपुर के बीच नेशनल हाईवे पर पूरी तरह सन्नाटा देखने को मिला। नेशनल हाईवे पर सुरक्षा को लेकर कितनी मुस्तैदी है, यह देखने के लिए टीम ने टांडा से अकबरपुर के बीच नेशनल हाईवे का जायजा लेने के साथ ही टांडा से आजमगढ़ जाने वाले एनएच का भी जायजा लिया, लेकिन डायल 112 टीम नहीं दिखी। जाहिर तौर पर ऐसे में नेशनल हाईवे पर सुरक्षा पूरी तरह तार-तार होती रही। अलग-अलग नेशनल हाईवे पर डायल 112 टीम को मुस्तैद होना चाहिए था, लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिल पाया।
यहां दिखे पुलिस कर्मी
टीम जब भ्रमण पर थी तो टांडा से एनटीपीसी के बीच सम्हरिया चौराहे पर डायल 112 का वाहन खड़ा दिखाई दिया। उसमें मौजूद पुलिस कर्मी जग रहे थे। इसके अलावा टीम जब टांडा चौक पहुंची तो वहां पुलिस की एक जीप पर तीन सिपाही मौजूद थे। अकबरपुर नगर के दोस्तपुर चौराहे पहुंचने पर एक सिपाही अकेले बाइक से दिखाई दिया, जबकि उसे रोककर बात कर रहे दो अन्य सिपाही एक बाइक पर सवार थे।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मामला संज्ञान में लाया गया है। जरूरी रिपोर्ट मांगी जाएगी। जिन भी क्षेत्रों में लापरवाही मिली वहां कार्रवाई भी होगी। रात्रि गश्त को लेकर पूरी तरह चौकसी बरतने के निर्देश हैं। अधिकारियों के स्तर पर भी आकस्मिक चेकिंग नियमित तौर पर होती है। व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
- आलोक प्रियदर्शी, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed