अंबेडकरनगर। कृषि कानून को लेकर जनमत संग्रह के लिए सरदार सेना के कार्यकर्ताओं ने किसान जागरण यात्रा रविवार को भी निकाली। इस दौरान जगह-जगह किसानों से मुलाकात कर उन्हें कृषि कानून के बारे में जानकारी दी। किसानों से आह्वान किया कि वे खुद निर्णय करें कि कानून उनके हित में है या नहीं।
कृषि कानून को लेकर सरदार सेना ने राष्ट्रीय आह्वान पर जनमत संग्रह के लिए जागरण पदयात्रा शुरू की है। टांडा से प्रारंभ की गई यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आगामी 14 जनवरी को कलेक्ट्रेट के निकट पहुंचेगी, जहां जागरण पदयात्रा के दौरान किसानों से मिले फीडबैक के आधार पर निर्णय लिया जाएगा कि कानून को लेकर आगे किस प्रकार की रणनीति को आगे बढ़ाना है। इसी क्रम में रविवार को भी जागरण पदयात्रा केदारनगर से प्रारंभ हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रेश वर्मा के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने बलरामपुर, डांड़ी, खजावां, चंदैनी, रामपुर गिरंट आदि गांवों में किसानों से मुलाकात की और उन्हें कानून के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि संपूर्ण जानकारी के बाद वे खुद तय करें कि कानून उनके हित में या नहीं। इस मौके पर डॉ. अमित पटेल, शिवम पटेल, विनोद वर्मा, पिंटू, जितेंद्र, प्रदीप कुमार, आशुतोष भारतीय आदि मौजूद रहे।