अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से देर से पहुंचीं। दून एक्सप्रेस करीब तीन घंटे, गंगा-सतलुज एक्सप्रेस एक घंटा 27 मिनट, नेपालगंज रोड इंटरसिटी एक घंटा 20 मिनट, लखनऊ इंटरसिटी 53 मिनट और जम्मू तवी एक्सप्रेस 43 मिनट विलंब से पहुंची।
ट्रेन के इंतजार में यात्री प्लेटफार्म पर बैठे रहे। लखनऊ जाने वाले राजेश वर्मा ने बताया कि जरूरी काम से समय पर पहुंचना था, लेकिन ट्रेन देर होने से आगे की यात्रा भी प्रभावित होगी। गोरखपुर जाने वाले अजय निषाद ने बताया कि उन्हें दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, जिसके छूटने की चिंता बनी रही। नानपारा जाने वाली सीमा देवी ने कहा कि छोटे बच्चे के साथ लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से ट्रेनें देरी से आ रही हैं।