फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   Anger by firing, Rajesultanpur market closed

फायरिंग से आक्रोश, राजेसुल्तानपुर बाजार बंद

Sat, 15 Oct 2016 11:29 PM IST
अंबेडकरनगर/अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर/अमर उजाला ब्यूरो Updated Sat, 15 Oct 2016 11:29 PM IST
विज्ञापन
Anger by firing, Rajesultanpur market closed
अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर बाजार में बदमाशों की फायरिंग के विरोध में बंद रहा बाजार। - फोटो : अमर उजाला

थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर बाजार में शुक्रवार देर शाम किराना दुकान पर लूट के असफल प्रयास के दौरान हुई फायरिंग व मारपीट से व्यापारियों व स्थानीय लोगों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। नाराज व्यापारियों ने जहां दुकानें बंद रखीं, वहीं उनके साथ बड़ी संख्या में बाजार वासियों ने पहले बाजार फिर थाना परिसर में धरना दिया।

विज्ञापन


क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने व गोलीकांड का पर्दाफाश किए जाने की मांग पर अड़े व्यापारियों ने लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। बाद में एसडीएम व सीओ ने 48 घंटे में घटना का पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। 
विज्ञापन


गौरतलब है कि शुक्रवार देर शाम राजेसुल्तानपुर बाजार स्थित वरिष्ठ किराना व्यवसाई व व्यापार मंडल महामंत्री शैलेंद्र त्रिपाठी की दुकान के सामने एक बाइक पर सवार पहुंचे तीन बदमाशों ने न सिर्फ शैलेंद्र (52) व उनके पुत्र विक्रांत उर्फ भोलू (26) के साथ मारपीट की बल्कि वहां मौजूद मुन्ना सोनकर (27) पुत्र फूलचंद्र की भी पिटाई कर उन पर फायर कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


इससे भोलू व मुन्ना को गंभीर चोटें आईं थीं जबकि बट के वार से शैलेंद्र का सिर फट गया था। घटना से मौके पर मची अफरातफरी के बीच खुद को घिरता देख बदमाश बाइक छोड़कर हवाई फायरिंग करते हुए वहां से भाग खड़े हुए थे। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल आजमगढ़ में भर्ती कराया गया था।

इस बीच घटना से न सिर्फ व्यापारियों बल्कि स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल के आह्वान पर शनिवार को राजेसुल्तानपुर बाजार के सभी व्यापारी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए।

व्यापार मंडल अध्यक्ष गंगा शंकर साहू के नेतृत्व में व्यापारी पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना का अविलंब पर्दाफाश किए जाने की मांग करने लगे। व्यापारियों के समर्थन में बाजारवासी भी उतर आए। सभी लोगों ने पहले बाजार में प्रदर्शन किया, इसके बाद पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए राजेसुल्तानपुर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए।

 व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस प्रशासन आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। लगभग दो माह पूर्व भी बदमाशों ने बाजार स्थित शिवम ज्वैलर्स की दुकान पर धावा बोलकर न सिर्फ सराफा व्यवसाई को गोली मार दी थी बल्कि लगभग 20 लाख के आभूषण लूट लिए थे।

पुलिस की निष्क्रियता से अब तक इस घटना का पर्दाफाश नहीं हो सका। इस बीच जानकारी होने पर एसडीएम विनय गुप्ता व सीओ राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने 48 घंटे में घटना का पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो सका।

इस दौरान सुल्तान अहमद, मोहम्मद शाहिद, मुसाफिर सोनकर, नरेंद्र सिंह व अमरनाथ पांडेय आदि मौजूद रहे। लूट के प्रयास के दौरान बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग को लेकर व्याप्त आक्रोश के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने राजेसुल्तानपुर बाजार में एहतियातन पीएसी की ड्यूटी लगा दी है।

बताते चलें कि दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर राजेसुल्तानपुर में पीएसी कर्मियों को भेजा गया था। अब लूट की घटना के बाद लोगों में पनपे आक्रोश को देखते हुए पीएसी कर्मियों की तैनाती बाजार में कर दी गई है। राजेसुल्तानपुर थाने के पुलिसकर्मियों को भी गश्त पर लगा दिया गया है।

एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर सुरागरशी के प्रयास किए जा रहे हैं। सीओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि वारदात के संबंध में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


बदमाशों ने घटना को अंजाम देने में जिस बाइक का प्रयोग किया था, वह आजमगढ़ जनपद के रौनापारा थाना क्षेत्र से बीते दिनों लूटी गई थी। पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। बदमाशों की सुरागरशी कराई जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed