रेलवे : प्रयागराज मंडल के स्टेशनों पर बढ़ सकता है कुलियों का मेहनताना
इस संबंध में प्रयागराज मंडल के वाणिज्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। 40 किलो और उससे कम वजन के लिए अब 25 की जगह 50 रुपये शुल्क कुलियों को मिल सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, इटावा, टूंडला, मिर्जापुर समेत 17 स्टेशनों पर कुलियों का मेहनताना बढ़ सकता है। इस संबंध में प्रयागराज मंडल के वाणिज्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। 40 किलो और उससे कम वजन के लिए अब 25 की जगह 50 रुपये शुल्क कुलियों को मिल सकता है।
इतना ही नहीं इसी भार को फुट ओवरब्रिज से ले जाने पर यात्रियों को 70 रुपये देने पड़ सकते हैं। वर्तमान समय यह शुल्क 40 रुपये है। प्रतीक्षा प्रभार पहले 30 मिनट के लिए नि:शुल्क रहेगा। यदि 30 मिनट से ज्यादा है तो वेटिंग चार्ज 50 रुपये देना पड़ेगा। अभी यह प्रभार 15 रुपये है। यदि दो पोर्टर दो पहिया या चार पहिया से 160 किग्रा तक का भार ढोते हैं तो ग्राउंड लेवल पर 110 रुपये और फुट ओवरब्रिज के उपयोग पर 140 रुपये नई व्यवस्था के तहत देने पड़ सकते हैं।
वर्तमान समय ग्राउंड लेवल पर प्रति पोर्टर 40 एवं फुट ओवरब्रिज के उपयोग पर यह रेट 50 रुपये प्रति पोर्टर है। इसके अलावा यदि व्हीलचेयर या स्ट्रेचर के लिए चार पोर्टर के इस्तेमाल पर ग्राउंड लेवल र 220 एवं फुट ओवरब्रिज के इस्तेमाल पर 270 रुपये का रेट किए जाने की तैयारी है।
वर्तमान में इस व्यवस्था के तहत प्रति पोर्टर का 50 रुपये का रेट तय है। कुली लंबे समय से अपना शुल्क बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, प्रयागराज जंक्शन एवं अन्य स्टेशनों पर जो रेट शुल्क लगा है उससे कहीं ज्यादा शुल्क अमूमन कुली यात्रियों से लेते हैं। फिलहाल, अब प्रयागराज मंडल में कुलियों के शुल्क बढ़ाने की तैयारी तकरीबन पूरी हो चुकी है। इसे जल्द ही लागू किया जा सकता है।
नया शुल्क अगर लगता है तो उसे चुनार, मिर्जापुर, विंध्याचल, नैनी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, इटावा, फतेहपुर, टूंडला, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, फफूंद, खुर्जा, अलीगढ़ एवं हाथरस में लागू किया जाएगा। अभी हाल ही में उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल 14 स्टेशनों पर नया मेहनताना लागू किया जा चुका है।