UPPSC NEWS: पीसीएस के शुरुआती दो दिनों के इंटरव्यू स्थगित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में 55 घंटे के लॉक डाउन के कारण उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2018 के शुरुआती दो दिनों यानी 13 एवं 14 जुलाई को प्रस्तावित साक्षात्कार स्थगित कर दिए हैं। इससे उन अभ्यर्थियों को काफी राहत मिलेगी, जिन्हें दूसरे राज्यों या अन्य दूर-दराज के जिलों से इंटरव्यू देने के लिए प्रयागराज आना है। इंटरव्यू अब 15 जुलाई से शुरू होंगे। 13 एवं 14 जुलाई को स्थगित किए गए इंटरव्यू अब 10 एवं 11 अगस्त को होंगे।
यूपीपीएससी के सचिव जगदीश की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 10 जुलाई को रात 10 बजे से 13 जुलाई को सुबह पांच बजे तक घोषित लॉक डाउन के प्रतिबंधों के कारण 13 जुलाई को प्रस्तावित साक्षात्कार अब 10 अगस्त और 14 जुलाई को प्रस्तावित साक्षात्कार 11 अगस्त को होगा।
13 एवं 14 जुलाई के इंटरव्यू में जिन अभ्यर्थियों को शामिल होना था, वे पूर्व में जारी इंटरव्यू लेटर (साक्षात्कार ज्ञाप) के साथ परवर्तित तिथियों में निर्धारित समय एवं स्थान पर वांछित अभिलेखों के साथ उपस्थित होंगे। सचिव के अनुसार साक्षात्कार की अन्य सभी शर्तें यथावत रहेंगी। पीसीएस के 984 पदों पर भर्ती के लिए 2669 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होना है।
दो दिन का पीसीएस इंटरव्यू टलने के कारण साक्षात्कार अब चार दिन विलंब से पूरा होगा। पहले 13 जुलाई से सात अगस्त तक साक्षात्कार होने थे लेकिन अब 15 जुलाई से 11 अगस्त इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इस बदलाव के बाद 15 से 31 जुलाई तक इंटरव्यू प्रतिदन होगा। एक से तीन अगस्त तक इंटरव्यू नहीं होगा और इसके बाद चार से सात अगस्त तक प्रतिदिन और 10 एवं 11 अगस्त को साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। पूर्व में इंटरव्यू पूरा होने की अवधि 26 दिन थी, जो अब बढक़र 28 दिन हो गई है।