UPPSC : यूपीपीएससी ने पांच साल में दीं 58 हजार से अधिक नौकरियां, पेपर लीक के बाद धीमी पड़ी रफ्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पिछले पांच वर्षों में 58 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नौकरियां दी हैं, हालांकि पिछले दो वर्षों के मुकाबले उसके पहले के तीन वर्षों में साढ़े तीन गुना अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पिछले पांच वर्षों में 58 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नौकरियां दी हैं, हालांकि पिछले दो वर्षों के मुकाबले उसके पहले के तीन वर्षों में साढ़े तीन गुना अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। वर्ष 2024 में आरओ/एआरओ पेपर लीक प्रकरण के कारण भर्तियों की गति कुछ धीमी हुई है।
आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पांच वर्षों में आयोग की भर्ती परीक्षाओं के लिए 94,38,310 आवेदन आए, जिनमें से परीक्षा के लिए 77,99,776 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए और इनमें से 81,447 अभ्यर्थी इंटरव्यू तक पहुंचे।
आयोग ने अंतिम रूप से कुल 58,186 अभ्यर्थियों को अलग-अलग नौकरियों के लिए चयनित किया। दूसरी ओर, वर्ष 2022 से 2024 तक के आंकड़ों के अनुसार, आयोग को विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए 15,29,728 आवेदन मिले।
इनमें से 13,29,728 अभ्यर्थी आयोग की भर्ती परीक्षाओं के शामिल होने के लिए पंजीकृत हुए और 14173 अभ्यर्थी साक्षात्कार तक पहुंचने में कामयाब रहे। आयोग ने अंतिम रूप से 12,501 अभ्यर्थियों का चयन किया।
पिछले पांच वर्षों व उसमें शामिल दो वर्षों के बीच आंकड़ों के अंतर देखा जाए तो पिछले पांच वर्षों में चयनित अभ्यर्थियों में से शुरुआती तीन वर्षों में 45,685 अभ्यर्थियों का चयन किया गया और पिछले दो वर्षों में 12,501 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। ऐसे में पिछले दो वर्षों के मुकाबले उसके पहले के तीन वर्षों में साढ़े तीन गुना अधिक अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
पिछले साल परीक्षाएं निरस्त व स्थगित होने का पड़ा प्रभाव
11 फरवरी, 2024 को समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2024 में पेपर लीक के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। साथ ही कुछ परीक्षाएं स्थगित हुई थीं, इससे भर्तियों का ग्राफ तेजी से नीचे आया। आरओ/एआरओ के 441 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा अब 27 जुलाई को हाेनी है। वहीं, 17 मार्च, 2024 को प्रस्तावित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2024 भी कई बार स्थगित की गई। यह परीक्षा 22 दिसंबर, 2024 को कराई गई। इसके तहत पीसीएस के 947 पदों पर भर्ती होनी है। अगर परीक्षाएं स्थगित या निरस्त न होतीं तो वर्ष 2024 में ही इनकी चयन प्रक्रिया पूरी हो जाती और वर्ष 2022 से 2024 तक चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 13,889 होती।
इस साल बढ़ेगा भर्तियों का आंकड़ा
पीसीएस परीक्षा-2024 के तहत 947 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया इस साल पूरी कर ली जाएगी। वहीं, आयोग सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 के तहत सहायक अभियंता के 604 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी वर्ष 2025 में पूरी करने की तैयारी में है। सहायक कुलसचिव के 38 पदों पर भर्ती भी इसी वर्ष पूरी होने की उम्मीद है। इसके अलावा बड़ी संख्या में सीधी भर्तियां भी होनी हैं।
शुरुआती तीन वर्षों में एलटी ग्रेड व प्रवक्ता भर्ती ने बढ़ाया ग्राफ
पांच वर्षों के शुरुआती तीन साल में आयोग ने 45,685 अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की। दरअसल, एलटी ग्रेड शिक्षक व प्रवक्ता के पदों पर भर्ती के कारण ग्राफ तेजी से चढ़ा था। आयोग ने मार्च, 2018 में एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के लिए 10,768 पदों का विज्ञापन जारी किया था लेकिन अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया वर्ष 2020 या इसके बाद पूरी हुई। वहीं, आयोग ने 2020 में प्रवक्ता जीआईसी के 1473 पदों का विज्ञापन जारी किया था, चयन प्रक्रिया भी समय से पूरी कर ली गई थी।