यूपी चुनाव : डिप्टी सीएम केशव आज करेंगे नामांकन, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान सहित कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
इससे पहले सभी पार्टी दिग्गज मंझनपुर में (सिराथू रोड) चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को भाजपा ने गृह नगर सिराथू सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। उपमुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने से सिराथू प्रदेश की चर्चित सीटों में शामिल हो गई है, जिस वजह से इसे लेकर पार्टी ने खास रणनीति बनाई है।
विस्तार
सिराथू से भाजपा प्रत्याशी प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बृहस्पतिवार को नामांकन करेंगे। डिप्टी सीएम के नामांकन में भाजपाई दिग्गजों का जमावड़ा लगेगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, अपना दल (एस) सुप्रीमो अनुप्रिया पटेल भी नामांकन में आएंगी।
इससे पहले सभी पार्टी दिग्गज मंझनपुर में (सिराथू रोड) चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को भाजपा ने गृह नगर सिराथू सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। उपमुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने से सिराथू प्रदेश की चर्चित सीटों में शामिल हो गई है, जिस वजह से इसे लेकर पार्टी ने खास रणनीति बनाई है।
पार्टी जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री कलक्ट्रेट पहुंचकर अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल करेंगे। इससे पहले मंझनपुर में चुनावी सभा होगी। सभा को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ ही गठबंधन में शामिल अपना दल (एस) सुप्रीमो अनुप्रिया पटेल संबोधित करेंगी।
भाजपा कार्यालय में विधानसभा चुनाव तैयारियों को परखेंगे जेपी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यहां वह पार्टी कार्यालय में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक करेेंगे। इसके पूर्व वह कौशांबी जिले की सिराथू सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नामांकन में भी शामिल होंगे।
केशव प्रसाद मौर्य बृहस्पतिवार को मंझनपुर में सिराथू सीट के लिए भाजपा से अपना पर्चा दाखिल करेेंगे। उनके नामांकन में साथ रहने के बाद जेपी नड्डा प्रयागराज आएंगे। यहां पार्टी कार्यालय में दिन में दो बजे भाजपा पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक होगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने उनके प्रयागराज आगमन की पुष्टि की है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह आज करेंगे नामांकन
शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह बृहस्पतिवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। दोपहर 2.10 बजे उनका नामांकन होगा। सिद्धार्थ नाथ सिंह के मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी ने बताया कि सुबह 10.50 बजे मुंडेरा मंडी के पास अपने केंद्रीय कार्यालय से कलक्ट्रेट के लिए प्रस्थान करेंगे।