प्रयागराज : शादी में बढ़ा पुरानी कारों का चलन, दूल्हों को घोड़ी, बग्घी की सवारी के बजाय भा रही विंटेज कार
पुरानी कारों की पहचान को यूं तो इसके मालिकों ने अब तक जिंदा रखा है, लेकिन अब शादियों में भी ये कारें नजर आने लगी हैं। शहर के दूल्हों को घोड़ी, बग्घी की सवारी करने के बजाय विंटेज कार ज्यादा भा रही हैं।
विस्तार
पुरानी कारों की पहचान को यूं तो इसके मालिकों ने अब तक जिंदा रखा है, लेकिन अब शादियों में भी ये कारें नजर आने लगी हैं। शहर के दूल्हों को घोड़ी, बग्घी की सवारी करने के बजाय विंटेज कार ज्यादा भा रही हैं। यही कारण है कि वैवाहिक समारोहों में विंटेज कार की मांग बढ़ी है। इन कारों को बुक करने के लिए वे अतिरिक्त खर्च करने को भी तैयार हैं।संगमनगरी में बरात ने अब नया रूप ले लिया है।
बरात में दूल्हे का आगमन विंटेज कार से भी हो रहा है। शहर के अशोक नगर में एकमात्र विंटेज कार बुकिंग सेंटर है, जहां से शादी विवाह के लिए कारें बुक की जाती हैं। राजस्थान, भोपाल की तरह प्रयागराज में भी विंटेज कारों की मांग अधिक है। सहालग शुरू होने से एक माह पहले ही इन कारों की बुकिंग शुरू हो जाती है। इसके अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में भी लोग इन कारों को पसंद कर रहे हैं।
1934 मॉडल की रॉल्स रॉयस कार
1934 और 1938 के दशक में रॉल्स रॉयस की सवारी महाराजाओं की पहचान मानी जाती थी। इस कार को स्टार ऑफ इंडिया भी कहा जाता था। इसके अलावा विंटेज कारों के और भी मॉडल लोग मांगते हैं।
कठिन होता है रखरखाव
विंटेज कारों का रखरखाव काफी मुश्किल होता है। कारों के कई पार्ट्स को बदला जाता है। इसके बाद इन कारों का ढांचा तो पुराना होता है, मगर अंदर से यह आधुनिक हो जाती हैं। प्रयागराज के अशोक नगर में एक मात्र लक्जरी वेडिंग कार रेंटल के नाम से संस्था है जो बुकिंग करती है। इनके पास पुरानी कारों में 1934 मॉडल और 1965 मॉडल की रॉल्स रॉयस मौजूद है। इसके अलावा अगर अधिक मांग होती है तो बाहर से कारों को मंगाया जाता है।
प्रयागराज में विंटेज कारों की मांग अधिक है। हर पांचवीं शादी में विंटेज कारों की बुकिंग होती है। इसके लिए कार के ढांचे को छोड़कर अन्य पार्ट्स को मोडीफाइ कराया जाता है, ताकि तकनीकी परेशानी का सामना लोगों को न करना पड़े। - आयुष, लक्जरी वेडिंग कार रेंटल, अशोक नगर